अंबाला-नारायणगढ़ IMT परियोजना को रफ्तार, भूमि एकत्रीकरण के लिए दो नोडल अधिकारी नियुक्त
- By Gaurav --
- Friday, 03 Jul, 2026
Haryana Speeds Up Ambala
हरियाणा सरकार ने अंबाला और नारायणगढ़ में प्रस्तावित इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप (IMT) परियोजनाओं को गति देने के लिए भूमि एकत्रीकरण की प्रक्रिया तेज कर दी है। इस दिशा में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने दो एचसीएस अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
मुख्य सचिव की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, प्रस्तावित आईएमटी परियोजनाओं के लिए भूमि एकत्रीकरण की प्रभावी निगरानी और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इन अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। सरकार का उद्देश्य भूमि अधिग्रहण एवं अन्य संबंधित प्रक्रियाओं में तेजी लाकर औद्योगिक विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाना है।
अंबाला में प्रस्तावित आईएमटी के लिए अंबाला के उपमंडल अधिकारी (नागरिक) दर्शन कुमार को भूमि एकत्रीकरण का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
वहीं, नारायणगढ़ में प्रस्तावित आईएमटी के लिए नारायणगढ़ के उपमंडल अधिकारी (नागरिक) एवं नारायणगढ़ शुगर मिल्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी-सह-कार्यकारी निदेशक शिवजीत भारती को भूमि एकत्रीकरण का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सरकार के आदेश के अनुसार, दोनों अधिकारी अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ नोडल अधिकारी की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी निभाएंगे। इस कदम से अंबाला और नारायणगढ़ में प्रस्तावित औद्योगिक परियोजनाओं के लिए भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी आने और निवेश को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।