हरियाणा पुलिस में ऑनलाइन ट्रांसफर प्रक्रिया तेज, 5200 पद खाली, पारदर्शिता बढ़ाने की पहल
- By Gaurav --
- Tuesday, 05 May, 2026
Haryana Police speeds up
हरियाणा पुलिस में वर्षों से एक ही जिले में तैनात या गृह जनपद में ट्रांसफर का इंतजार कर रहे कांस्टेबलों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। हरियाणा पुलिस मुख्यालय ने पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से ऑनलाइन ट्रांसफर प्रक्रिया को तेज कर दिया है। इसके तहत जिलावार रिक्तियों की सूची जारी की गई है, जिससे कर्मचारी अपनी पसंद और उपलब्ध पदों के आधार पर आवेदन कर सकें।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, प्रदेशभर में करीब 5200 पद खाली हैं। हालांकि रोहतक, चरखी दादरी और हांसी पुलिस जिलों में एक भी पद रिक्त नहीं है, जिससे इन स्थानों पर ट्रांसफर चाहने वाले कर्मियों को फिलहाल इंतजार करना पड़ेगा।
वहीं औद्योगिक क्षेत्र फरीदाबाद और सोनीपत में सबसे ज्यादा 600-600 पद खाली हैं, जो ट्रांसफर के लिए प्रमुख केंद्र बनकर उभरे हैं। इसके अलावा हरियाणा आर्म्ड पुलिस में भी 555 पदों पर वैकेंसी दर्ज की गई है।
हाल ही में भर्ती हुए बैच नंबर 91, 92 और 93 के पुरुष एवं महिला कांस्टेबलों के लिए भी यह अहम अपडेट है। जिलों के आवंटन के बाद उनका डेटा वेरिफिकेशन 22 अप्रैल को पूरा हो चुका है। तकनीकी कारणों से फरवरी से अटकी प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है।
विभाग सॉफ्टवेयर में दर्ज जानकारी और अभ्यर्थियों द्वारा दिए गए विवरण का मिलान कर रहा है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या कानूनी समस्या न उत्पन्न हो। इस नई प्रणाली से सिफारिश आधारित ट्रांसफर पर रोक लगेगी और पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी।