एमडब्ल्यूबी प्रतिनिधिमंडल ने CM सैनी से की मुलाक़ात; मुफ्त कैशलेस इंश्योरेंस पॉलिसी लॉन्चिंग के लिए मांगा समय, मिला ये आश्वासन
Haryana Journalists Free Cashless Insurance Policy Launching CM Nayab Saini
Journalists Insurance Policy: मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन (एमडब्ल्यूबीए) के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से उनके निवास संत कबीर कुटीर में मुलाकात कर पत्रकारों व उनके परिवारों के लिए शुरू की गई मुफ्त कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी के लॉन्चिंग कार्यक्रम हेतु समय देने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि वे शीघ्र ही कार्यक्रम में शामिल होकर इसका उद्घाटन करेंगे।
एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकारों के सामाजिक, आर्थिक और पेशेवर कल्याण से जुड़ी मांगों का विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा। धरणी ने बताया कि संगठन देश का पहला पत्रकार संगठन है, जो बिना किसी शुल्क के पत्रकारों और उनके परिवारों को कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस सुविधा प्रदान कर रहा है। इसके अतिरिक्त टर्म इंश्योरेंस और दुर्घटना बीमा की सुविधाएं भी पहले से मुफ्त दी जा रही हैं, जिनका हर वर्ष नवीनीकरण किया जाता है।
धरणी ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर तीन वर्ष पूर्व टर्म इंश्योरेंस पॉलिसी का शुभारंभ कर चुके हैं, जबकि ऊर्जा मंत्री अनिल विज चार वर्ष पहले मुफ्त एक्सीडेंटल पॉलिसी लॉन्च कर चुके हैं। संगठन गंभीर बीमारियों जैसे कैंसर व किडनी ट्रांसप्लांट के मामलों में भी आर्थिक सहायता देता रहा है।
ये मांगे रखीं
ज्ञापन में पत्रकारों के लिए न्यूनतम 30,000 रुपये मासिक पेंशन, नियमों का सरलीकरण, 15 वर्ष की सक्रिय सेवा के बाद पेंशन अधिकार, 58 वर्ष आयु सीमा, सोशल मीडिया नीति को सरल बनाने, राजस्थान मॉडल की तर्ज पर 10 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज, पारिवारिक पेंशन, सरकारी व निजी बसों में यात्रा सुविधा, पंचकूला में मुख्यालय हेतु रियायती भूमि, आवासीय योजनाएं तथा पत्रकारों के बच्चों के लिए शिक्षा व सरकारी नौकरियों में 3% आरक्षण जैसी मांगें शामिल हैं।
मुख्यमंत्री सैनी ने एसोसिएशन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी और सुविधाएं सुनिश्चित करने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बीमा पॉलिसी लॉन्च कार्यक्रम में जल्द शामिल होने की भी सहमति दी।
रिपोर्ट- साजन शर्मा