Haryana government system lapses significantly: 90 vehicles registered in 16 districts in the name of a deceased

हरियाणा में सरकारी सिस्टम की बड़ी चूक: मृत महिला के नाम 16 जिलों में 90 वाहन दर्ज, पति की बुढ़ापा पेंशन बंद

Breaking news

Haryana government system lapses significantly: 90 vehicles registered in 16 districts in the name o

हरियाणा के करनाल से सरकारी सिस्टम की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां एक मृत महिला के नाम पर 16 जिलों में करीब 90 वाहन दर्ज कर दिए गए, जिसके चलते उसके बुजुर्ग पति की बुढ़ापा पेंशन बंद हो गई।

पीड़ित रविंद्र, जिनकी उम्र करीब 70 साल है, ने बताया कि उनके पास केवल एक टूटी-फूटी बाइक और स्कूटी है। उन्होंने कभी भी अपनी पत्नी के नाम कोई वाहन नहीं खरीदा। बावजूद इसके सरकारी रिकॉर्ड में उनकी पत्नी को करोड़पति दिखाया गया है और कार से लेकर ट्रक तक उसके नाम दर्ज कर दिए गए हैं।

रविंद्र के अनुसार उनकी पत्नी सविता की मौत साल 2019 में हो चुकी है। हैरानी की बात यह है कि सरकारी रिकॉर्ड में 2021 के बाद खरीदी गई गाड़ियां भी पत्नी के नाम पर चढ़ी दिखाई जा रही हैं।

पीड़ित ने बताया कि हरियाणा में 60 साल से अधिक उम्र के लोगों को बुढ़ापा पेंशन दी जाती है, लेकिन सालाना आय 3 लाख रुपए से ज्यादा होने पर यह पेंशन बंद कर दी जाती है। पत्नी के नाम पर 90 वाहन दर्ज होने की वजह से उनकी पेंशन नवंबर 2025 से बंद कर दी गई।

रविंद्र ने बताया कि करीब 2 महीने से वे विभागीय अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। उन्होंने समाज कल्याण विभाग में शिकायत दी है और सीएम विंडो में भी मामला दर्ज करवाया है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।

वहीं, इस मामले में करनाल के एडीसी योगेश मेहता का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था। उन्होंने आश्वासन दिया है कि यदि फैमिली आईडी में कोई गलती हुई है तो इसकी जांच करवाई जाएगी।

यह मामला सरकारी रिकॉर्ड की सटीकता और सिस्टम की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े करता है।