Illegal gender testing exposed under the guise of a spa; major action by the joint PNDT team of Jhajjar–Delhi

स्पा की आड़ में अवैध लिंग जांच का भंडाफोड़, झज्जर–दिल्ली की संयुक्त PNDT टीम की बड़ी कार्रवाई

serg

Illegal gender testing exposed under the guise of a spa; major action by the joint PNDT team of Jhaj

झज्जर और दिल्ली की संयुक्त पीएनडीटी (PNDT) टीम ने अवैध लिंग जांच के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। दिल्ली के तिलक नगर स्थित “The Look Spa” में स्पा की आड़ में गर्भवती महिलाओं के भ्रूण का अवैध लिंग निर्धारण कराया जा रहा था। छापेमारी के दौरान टीम ने गिरोह से जुड़े दो आरोपियों रोमा और कुलदीप को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

 गुप्त सूचना के आधार पर बनी विशेष टीम

जिला समुचित प्राधिकरण झज्जर को इस अवैध गतिविधि को लेकर गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद झज्जर के सिविल सर्जन डॉ. मंजू कादयान और उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटील के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में पीएनडीटी सेल के अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और पुलिस बल को शामिल किया गया।

 1.50 लाख रुपये में तय हुई अवैध डील

सूचना की पुष्टि के लिए टीम ने योजनाबद्ध तरीके से एक प्रलोभन ग्राहक (डिकॉय कस्टमर) के जरिए गिरोह से संपर्क किया। जांच के दौरान भ्रूण के लिंग निर्धारण के लिए 1.50 लाख रुपये की अवैध डील तय करवाई गई। जैसे ही आरोपी जांच के लिए तैयार हुए, टीम ने तुरंत कार्रवाई की योजना को अमल में लाया।

अल्ट्रासोनिक डॉपलर मशीन से करते पकड़े गए

छापेमारी के दौरान आरोपी कुलदीप को अल्ट्रासोनिक डॉपलर मशीन के जरिए अवैध रूप से लिंग जांच करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। वहीं, आरोपी रोमा के पास से एक लाख रुपये की नकद राशि बरामद की गई, जो अवैध जांच से जुड़ी बताई जा रही है। टीम ने मौके से संबंधित उपकरण और दस्तावेज भी जब्त किए हैं।

 आरोपी पुलिस के हवाले, मामला दर्ज

कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को तिलक नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोपियों के खिलाफ PC&PNDT Act, BNS (भारतीय न्याय संहिता) और NMC Act की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस और पीएनडीटी टीम अब यह जांच कर रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और यह नेटवर्क कितने समय से सक्रिय था।

 प्रशासन ने की टीम की सराहना

इस सफल संयुक्त कार्रवाई पर झज्जर के उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटील और सिविल सर्जन डॉ. मंजू कादयान ने पीएनडीटी टीम और पुलिस विभाग की सराहना की। उन्होंने कहा कि लिंग जांच जैसा जघन्य अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इस तरह के अवैध कार्यों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेंगे।

 लिंग अनुपात चिंता का विषय

सिविल सर्जन डॉ. मंजू कादयान ने बताया कि जिले में लिंग अनुपात लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। उन्होंने समाज से अपील की कि बेटा-बेटी में भेदभाव की सोच को छोड़कर समान दृष्टिकोण अपनाया जाए। उन्होंने कहा कि बिना बेटियों के संतुलित और स्वस्थ समाज की कल्पना संभव नहीं है

 सूचना देने पर मिलेगा 1 लाख रुपये का इनाम

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध लिंग जांच या इससे जुड़ी किसी गतिविधि की जानकारी मिले, तो तुरंत सिविल सर्जन कार्यालय या पीएनडीटी नोडल अधिकारी को सूचित करें। सूचना देने वाले को 1 लाख रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा और उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।