हरियाणा की डायरी: तीसरी मंजिल और बाबा का छापा

हरियाणा की डायरी: तीसरी मंजिल और बाबा का छापा

Haryana Diary

Haryana Diary

सचित्र/संपादकीय पृष्ठ हेतु

प्रस्तुति : चन्द्र शेखर धरणी
वरिष्ठ स्वतंत्र पत्रकार

तीसरी मंजिल और बाबा का छापा
    हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन व श्रम मंत्री अनिल विज ने हाल ही में पंचकुला में बिजली बोर्ड के एक काल सैंटर पर छापा मारा।बाबा का छापा तीसरी मंजिल पर स्थित दफ्तर में था। जहां कोई लिफ्ट नहीं थी, ऊपर चढ़ने का साधन केवल सीढ़िया हैं।महत्वपूर्ण यह है कि बाथरूम में स्लिप हो जाने के कारण विज के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया था।लगभग 40 दिन तक बेड रेस्ट करना पड़ा थाविज की इस हिम्मत की सीढ़ियों से तीसरी मंजिल चढ़े व उतरे सभी दाद दे रहे हैं।काल सैंटर में सबसे ज्यादा शिकायतें रोहतक जिले की मिली।बाबा ने वहीं से एस ई को फोन मिलाया व प्राथमिकता के आधार पर कार्य करने की नासियत दी।
।।।
झंडी वाली कार के सपने होने लगे पूरे
 झंडी वाली कार की बाट जो रहे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के दिन फिरने लगे हैं। बीते सप्ताह में नायब सरकार द्वारा प्रदेश के  बड़े  नेताओं और कार्यकर्ताओं को प्रदेश स्तरीय भिन्न-भिन्न बोर्ड और निगम अध्यक्षों के अलावा आयोग के सदस्य बना कर एडजस्ट किया जा रहा है। वही जिन  कार्यकर्ताओं का नाम नहीं आया वे उम्मीद के सहारे इस आस में है कि जल्द ही उनकी भी लॉटरी लगेगी। फिलहाल यह देखने वाली बात होगी कि अन्य खाली चेयरमैनों की कुर्सियां और कितनों को मिलेगी।
।।।
4 दशक बाद प्रदेश भाजपा की कमान महिला को मिली
लगभग 40 वर्ष के बाद प्रदेश भाजपा पद पर महिला युग की शुरुआत अर्चना गुप्ता के रूप में हुई है। जो कि भाजपा संगठन मंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दे रही थी। हाई कमान द्वारा उनके नाम पर मोहर लगते ही पिछले लंबे समय से प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए लगाई जा रही अटकलों पर अब विराम लग गया है। अर्चना गुप्ता के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर प्रदेश भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे का मुंह मीठा कर बधाई दी। हालांकि मोहनलाल बडोली का कार्यकाल अभी लगभग 1 साल का बचा हुआ था ऐसे में उनका अचानक जाना अचंभित करने वाला है। 
।।।
अर्चना को मान रहे लकी
जैसे ही प्रदेश भाजपा संगठन मे सबसे अहम नियुक्ति हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा हुई। उसके बाद से प्रदेश सरकार द्वारा चेयरमैनो व बोर्ड सदस्यों के नामों की घोषणा कर डाली। जिसके  कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। हालांकि मोहन लाल बड़ौली भी  सौभाग्यशाली रहे जिनके नेतृत्व में भाजपा ने इतिहास रचते हुए सत्ता की हैट्रिक लगाने का काम किया।।
।।

पहली ही बैठक में दिखा गब्बर का रौद्र रूप
पिछले दिनों ही प्रदेश सरकार द्वारा ग्रीवेंस कमेटी की अध्यक्षता करने वाले मंत्रियों के जिले बदले गए थे। इसके बाद गब्बर के नाम से मशहूर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री अनिल विज जो कि पहले सिरसा और कैथल जिले की शिकायतें सुनते थे। अब उन्हें यमुनानगर जिले की  ग्रीवेंस का जिमा सोपा गया है। जहां उन्होंने  राजस्व विभाग में मिली बड़ी खामियों को लेकर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारी तक विरुद्ध एफ आई आर आदेश जारी किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार में भ्रष्टाचार को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उनके आदेश के तुरंत बाद  पूरे पंडाल में हर तरफ तालिया की गड़गड़ाहट सुनाई दे रही थी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब देखा जा रहा है।
 ।।।

हरियाणा से आसान होगी वैष्णो देवी की यात्रा

   केंद्र सरकार द्वारा हाई-स्पीड दिल्ली-कटरा कॉरिडोर को मंजूरी दिए जाने से हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी वहीं हरियाणा के पांच शहरों में आवागमन सुगम होगा।  सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम, 1956 के तहत अधिसूचना जारी कर इस परियोजना को राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क में शामिल कर लिया है। इसके बाद अब भूमि अधिग्रहण, रूट तय करने और अन्य विकास कार्यों की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। यह एक्सप्रेसवे दिल्ली में रानी खेड़ा गांव के पास एनएच-344एम से शुरू होगा और जसौर खेरी गांव के पास कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। इसके बाद यह हरियाणा और पंजाब के कई शहरों से गुजरते हुए जम्मू-कश्मीर के कटरा तक पहुंचेगा।
हरियाणा में प्रस्तावित मार्ग सोनीपत के खरखौदा, गोहाना, बुटाना, कलायत और बारटा से होकर निकलेगा। वहीं पंजाब में यह गुलजारपुर, पातड़ां, भवानीगढ़, धूरी, मलेरकोटला, अहमदगढ़, मुल्लांपुर दाखा, नूरमहल, करतारपुर और गुरदासपुर बाईपास जैसे इलाकों से होकर गुजरेगा। 
आखिर में यह कटरा के पास एनएच-144 से जुड़ेगा। केंद्र सरकार का मानना है कि एक्सप्रेसवे बनने से दिल्ली से कटरा तक यात्रा तेज और आसान होगी। इससे माल ढुलाई, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। खासतौर पर माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सडक़ सुविधा मिल सकेगी। यह परियोजना उत्तर भारत के लिए एक महत्वपूर्ण आर्थिक और रणनीतिक कॉरिडोर साबित हो सकती है। 
।।।।
नारी नेतृत्व’ की नई मिसाल झज्जर

हरियाणा का झज्जर इन दिनों सिर्फ एक जिला नहीं, बल्कि ‘नारी नेतृत्व’ की नई मिसाल बनकर उभर रहा है। यहां सत्ता के गलियारों से लेकर कानून व्यवस्था और विकास योजनाओं तक महिलाओं का दमदार दबदबा दिखाई दे रहा है। हालात ऐसे हैं कि जिले के सबसे प्रभावशाली और निर्णय लेने वाले पदों पर महिला अधिकारी तैनात हैं। डीसी, पुलिस कमिश्नर, डीसीपी, सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम, डीटीपी और राजनीति में मजबूत महिला नेतृत्व... झज्जर अब हरियाणा में ‘लेडीज पावर मॉडल’ के रूप में चर्चा का केंद्र बन गया है। सबसे खास बात यह है कि झज्जर प्रदेश का पहला ऐसा जिला माना जा रहा है, जहां प्रशासनिक तंत्र में सबसे अधिक महिला अधिकारियों की तैनाती हुई है। एक समय पुरुष प्रधान माने जाने वाले प्रशासनिक और पुलिस तंत्र में झज्जर की यह तस्वीर अब नई सोच और बदलते दौर का प्रतीक बन गई है। डीसी से लेकर डीसीपी तक, सिटी मजिस्ट्रेट से एसडीएम तक और राजनीति से शहरी विकास तक महिलाओं की मजबूत मौजूदगी ने झज्जर को हरियाणा में अलग पहचान दिलाई है। झज्जर का यह ‘महिला नेतृत्व मॉडल’ सिर्फ सरकारी तैनातियों की कहानी नहीं, बल्कि बदलते समाज, बढ़ते आत्मविश्वास और महिलाओं की निर्णय क्षमता की नई ताकत का बड़ा संदेश भी है।
।।।।
 “फैक्ट्री लाओ, प्रोत्साहन पाओ” 

हरियाणा सरकार ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में औद्योगिक विकास को नई दिशा देने के लिए आक्रामक और बहुस्तरीय रणनीति तैयार की है। राज्य अब केवल पारंपरिक उद्योगों तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि देश और विदेश से बड़े निवेश आकर्षित कर खुद को राष्ट्रीय औद्योगिक, तकनीकी और रोजगार केंद्र के रूप में स्थापित करने की तैयारी में है।नई औद्योगिक नीतियों का सबसे बड़ा संदेश साफ है—“दूसरे राज्यों से फैक्ट्री लाओ, करोड़ों की सहायता पाओ।” सरकार का मानना है कि दिल्ली-एनसीआर के आसपास तेजी से बढ़ती सप्लाई चेन और औद्योगिक गतिविधियों का बड़ा हिस्सा हरियाणा की ओर आकर्षित किया जा सकता है।नई व्यवस्था के तहत यदि कोई घरेलू औद्योगिक इकाई अपना प्लांट हरियाणा में स्थानांतरित करती है तो उसे 5 करोड़ रुपये तक की वित्तीय सहायता मिलेगी। वहीं विदेशों से आने वाली औद्योगिक इकाइयों को 10 करोड़ रुपये तक का समर्थन दिया जाएगा।सरकार की यह नीति स्पष्ट संकेत देती है कि हरियाणा अब केवल निवेश आमंत्रित नहीं कर रहा, बल्कि उद्योगों को आकर्षित करने के लिए प्रतिस्पर्धी राज्यों से आगे निकलने की रणनीति पर काम कर रहा है।
।।।।

“हर जोर जुल्म की टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है, अनिल विज तुम्हारा है”।

अपने बेबाक अंदाज के लिए प्रसिद्ध हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज आज अम्बाला छावनी में प्रदेशभर से एकत्रित हुए ऑल हरियाणा पॉवर कारपोरेशन वर्कर यूनियन के हजारों सदस्यों के बीच उनके प्रदर्शनस्थल पर ही पहुंच गए जिसे देख कर्मचारी हैरान रह गए। यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन देने हेतु मंत्री अनिल विज के आवास पर आना था, मगर मंत्री अनिल विज ज्ञापन लेने के लिए स्वयं हजारों कर्मचारियों के बीच प्रदर्शनस्थल पर पहुंच गए। यूनियन सदस्यों को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि आप जो नारा “हर जोर जुल्म की टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है” लगा रहे हैं उसमें एक पंक्ति और जोड़ लें कि “हर जोर जुल्म की टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है, अनिल विज तुम्हारा है”। ऊर्जा मंत्री द्वारा यह पंक्तियां बोलते ही यूनियन सदस्यों ने तालियां बजाते हुए इसकी सराहना की।  प्रदर्शनस्थल पर पहुंचते ही ऊर्जा मंत्री अनिल विज हजारों कर्मचारियों के बीच से होते हुए सीधे मंच पर पहुंचे जहां उन्होंने यूनियन पदाधिकारियों से ज्ञापन लिया। 

।।।।।

तैयारियां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की

हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस वर्ष भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को पूरे प्रदेश में व्यापक जनभागीदारी के साथ भव्य स्तर पर आयोजित किया जाए। इस वर्ष योग दिवस का थीम" स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" होगा। सभी जिला उपायुक्त ऑन लाइन माध्यम से जुड़े। मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस वर्ष भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को पूरे प्रदेश में व्यापक जनभागीदारी के साथ भव्य स्तर पर आयोजित किया जाए।  मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम इस बार पंचकूला में आयोजित किया जाएगा, जबकि जिला, उपमंडल और ग्राम पंचायत स्तर तक विशेष योग कार्यक्रमों का आयोजन कर योग को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार द्वारा इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग निर्धारित की गई है। इसी थीम के अनुरूप प्रदेशभर में योग शिविर, जागरूकता अभियान और विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों को योग के प्रति प्रेरित किया जा सके और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिले। 

प्रस्तुति : चन्द्र शेखर धरणी