हरियाणा कांग्रेस ने लगाए जिला प्रभारी

हरियाणा कांग्रेस ने लगाए जिला प्रभारी

हरियाणा कांग्रेस ने लगाए जिला प्रभारी

हरियाणा कांग्रेस ने लगाए जिला प्रभारी

दस विधायकों समेत पूर्व मंत्रियों,विधायकों को जिम्मेदारी
रैलियों के आयोजन व पार्टी कार्यक्रमों के संचालन की जिम्मेदारी

चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन के बाद कांग्रेस ने प्रदेश में सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है। कुमारी सैलजा को हटाने के बाद शनिवार को हरियाणा कांग्रेस ने जिला प्रभारियों की पहली सूची जारी की। यह प्रभारी अलग-अलग जिलों में पार्टी के कार्यक्रमों, रैली, सभा, धरने-प्रदर्शन व संगठन चुनाव की जिम्मेदारी संभालेंगे।
इस सूची में भी नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गुट को ज्यादा अहमियत दी गई है। विधायक दल की पूर्व नेता किरण चौधरी समेत कई विधायकों के नाम इस सूची में नहीं हैं। प्रदेश प्रधान उदयभान ने संगठन का कामकाज संभालने के दौरान वादा किया था कि राज्य में तीन माह के भीतर संगठन घोषित कर दिया जाएगा।  शनिवार को जारी सूची में दस मौजूदा विधायकों के अलावा पूर्व विधायक व मंत्रियों को जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है। 
हरियाणा कांग्रेस मुख्यालय से जारी सूची के अनुसार विधायक बीएल सैनी को अंबाला, राव दान सिंह को भिवानी, गीता भुक्कल को दादरी, चौधरी आफताब अहमद को फरीदाबाद, अमित सिहाग को फतेहाबाद, बीबी बत्तरा को झज्जर, सुभाष देसवाल को कैथल, धर्म सिंह छोकर को पलवल, वरुण मुलाना को पंचकूला, कुलदीप वत्स को रेवाड़ी, 
पूर्व मंत्री करण दलाल को गुरुग्राम, जयप्रकाश जेपी हिसार, पूर्व विधायक आनंद सिंह डांगी को जींद, लहरी सिंह को करनाल, भीम सेन मेहता को कुरुक्षेत्र, धर्मपाल सांगवान को महेंद्रगढ़, ललित नागर को नूंह तथा सुखबीर कटारिया को पानीपत, जयतीर्थ दहिया को रोहतक, पूर्व मंत्री सुभाष गोयल को सिरसा, संत कुमार को सोनीपत तथा अशोक अरोड़ा को यमुनानगर का प्रभारी बनाया गया है।