सीएम नायब सैनी ने बाबैन अनाज मंडी का किया दौरा, गेहूं खरीद व्यवस्था का लिया जायजा
- By Gaurav --
- Saturday, 11 Apr, 2026
Haryana CM Nayab Singh Saini
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को कुरुक्षेत्र जिले की बाबैन अनाज मंडी का दौरा कर गेहूं खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंडी में पहुंची गेहूं की फसल की गुणवत्ता और नमी की स्वयं जांच की और अधिकारियों से खरीद प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मंडी में मौजूद किसानों और व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। किसानों ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस बार गेहूं की आवक अच्छी हो रही है और सरकार द्वारा की जा रही खरीद प्रक्रिया से उन्हें राहत मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसानों की फसल समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ खरीदी जाए। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। गेहूं की खरीद में तेजी लाई जाए और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मंडी में सफाई व्यवस्था, फसल उठान और किसानों के लिए किए गए इंतजामों का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मंडी में पेयजल, छाया और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि दूर-दराज से आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की मेहनत का पूरा सम्मान करती है और उनकी फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है।