"निकाय चुनावों में तेज हुई हलचल: सीएम सैनी का सोनीपत दौरा, कई जनसभाओं को किया संबोधित"
- By Gaurav --
- Monday, 04 May, 2026
"Haryana Civic Polls Heat Up
हरियाणा में निकाय चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में नायब सिंह सैनी आज सोनीपत पहुंचे, जहां वे दिनभर में करीब दो दर्जन छोटी जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अपने दौरे की शुरुआत वार्ड नंबर 8 से की और गांव राई में पहली सभा को संबोधित किया।
सीएम सैनी ने कहा कि मेयर उम्मीदवार द्वारा लगभग 19 कार्यक्रम तय किए गए हैं और अब पार्षदों व मेयर उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने में जनता की भूमिका अहम होगी। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा फीडबैक में एकतरफा जीत के संकेत मिल रहे हैं।
सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि डेढ़ वर्ष पहले हुए विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए 217 संकल्पों में से 63 पूरे किए जा चुके हैं, जबकि शेष संकल्पों पर तेजी से काम जारी है। उन्होंने “डबल इंजन” सरकार के कामकाज का उल्लेख करते हुए कहा कि अब “ट्रिपल इंजन” के साथ 21 नए संकल्प भी लिए गए हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में डायलिसिस की सुविधा मुफ्त में उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि 1 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। किसानों की फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी जा रही है और युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार उपलब्ध कराने का दावा भी उन्होंने किया।