हिसार में ओलावृष्टि से गेहूं की फसल बर्बाद, किसानों को भारी नुकसान
- By Gaurav --
- Thursday, 09 Apr, 2026
Hailstorm Damages Wheat Crop
हरियाणा के हिसार जिले में हाल ही में हुई ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। दिन-रात मेहनत कर अपनी फसल को तैयार करने वाले किसान अब मायूस नजर आ रहे हैं। तेज ओलावृष्टि के कारण खेतों में खड़ी फसल को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार जिले के कई क्षेत्रों में हुई ओलावृष्टि से खास तौर पर गेहूं की फसल को बड़ा नुकसान हुआ है। गेहूं की फसल लगभग पककर तैयार थी, लेकिन ओलों की मार से फसल के तने टूटकर जमीन पर गिर गए, जिससे उत्पादन पर सीधा असर पड़ा है।
वहीं सरसों की फसल में अपेक्षाकृत कम नुकसान देखा गया है, क्योंकि अधिकांश सरसों की फसल पहले ही कट चुकी थी। हालांकि जिन किसानों ने सरसों काटकर खेतों में रखी हुई थी, वहां भी कुछ नुकसान की खबरें सामने आई हैं।
जिले के कृषि अधिकारी डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि विभाग की टीम लगातार फील्ड में जाकर फसलों का निरीक्षण कर रही है। उन्होंने कहा कि गेहूं की फसल को अधिक नुकसान हुआ है, क्योंकि फसल पककर तैयार थी और ओलावृष्टि के कारण तने टूट गए।
उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे फसल खराबे की सूचना अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 14447 पर दर्ज करवाएं, ताकि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत उन्हें मुआवजा मिल सके। कृषि विभाग ने किसानों से जल्द से जल्द नुकसान की जानकारी देने की भी अपील की है, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।