लखनऊ में 28 फरवरी को ग्रीन कॉरिडोर का लोकार्पण, मुख्यमंत्री और रक्षा मंत्री करेंगे उद्घाटन
Green Corridor to be inaugurated in Lucknow
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व रक्षामंत्री राजनाथ सिंह राजधानी में गोमती नदी किनारे बन रहे ग्रीन कारिडोर का 28 फरवरी को लोकार्पण करेंगे। महत्वाकांक्षी योजना में आइआइएम रोड से डालीगंज, हनुमान सेतु, निशातगंज संकल्प वाटिका होते हुए समतामूलक तक का मार्ग निर्माण कार्य पूरा हो गया है। प्राधिकरण के अधिकारियों ने लोकार्पण समारोह की तैयारियां तेज कर दिया है।
एलडीए 28 किलोमीटर लंबा ग्रीन कारिडोर का निर्माण करा रहा है। इससे शहर के विकास को नई रफ्तार मिलना तय है। इस योजना के द्वितीय चरण में समतामूलक चौराहे से निशातगंज के मध्य 130 करोड़ रुपये की लागत से तीन अहम विकास कार्य कराए गए हैं।
इनमें 45 करोड़ रुपये से 240 मीटर लंबा व 24 मीटर चौड़ा कुकरैल छह-लेन ब्रिज लगभग बना है। कुकरैल से निशातगंज के मध्य 40 करोड़ रुपये की लागत से 1.10 किलोमीटर लंबा और 18 मीटर चौड़ा बंधा व सड़क निर्माण का कार्य कराया गया है। इसी तरह 240 मीटर लंबे और 24 मीटर चौड़े निशातगंज छह-लेन ब्रिज का निर्माण 45 करोड़ रुपये की लागत से पूरा होने को है।
कारिडोर निर्माण में हनुमान सेतु से गोमती पुल निशातगंज मार्ग तक सड़क की चौड़ाई 10 से बढ़ाकर 18 मीटर चौड़ी की गई। सड़क चौड़ी होने पर निशातगंज व कुकरैल चौराहा भी उपयोगी होगा। साथ ही नये व पुराने लखनऊ का फासला ग्रीन कारिडोर मिटाएगा।
दूसरे चरण में सिर्फ केजीएमयू के पास आरओबी का निर्माण चल रहा है, बाकी पूरा मार्ग लगभग बनकर तैयार है।ग्रीन कारिडोर के निर्माण के समानांतर हार्टीकल्चर, सुंदरीकरण के कार्य भी चल रहे हैँ, इसके बाद योजना का तीसरा व चौथा चरण का कार्य होता रहेगा।