गाजियाबाद हिंडन एयरपोर्ट: एक साल में उड़ान सेवाओं में आई गिरावट

गाजियाबाद हिंडन एयरपोर्ट: एक साल में उड़ान सेवाओं में आई गिरावट

Ghaziabad Hindon Airport

Ghaziabad Hindon Airport

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हिंडन एयरपोर्ट से शुरू की गई नई उड़ान सेवाएं एक साल के भीतर ही सिमटती नजर आ रही हैं। जहां ठंड और कोहरा शुरू होने से पहले प्रतिदिन 25 उड़ानें संचालित हो रही थीं, वहीं अब यह संख्या घटकर महज 12 रह गई है। लगातार बंद हो रहीं फ्लाइट्स को लेकर एयरपोर्ट प्रशासन और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारी भी चिंतित हैं।

एयरपोर्ट निदेशक की ओर से इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस को सेवाएं बहाल करने के लिए कई बार पत्र लिखे जा चुके हैं। हालांकि अधिकारियों का दावा है कि वर्तमान में जो फ्लाइट्स संचालित हो रही हैं, वे करीब 90 प्रतिशत तक भरी हुई जा रही हैं।

इन शहरों की सेवाएं हुईं बंद

हिंडन से जिन शहरों के लिए उड़ानें बंद हो चुकी हैं, उनमें गोवा, कोलकाता, वाराणसी, पटना, जम्मू, चेन्नै, भुवनेश्वर, भटिंडा, किशनगढ़, जयपुर और लुधियाना शामिल हैं। एक साल पहले जिन रूट्स को बड़े स्तर पर लॉन्च किया गया था, उनमें से कई अब बंद हो चुके हैं।

क्या हैं फ्लाइट्स बंद होने के कारण

विशेषज्ञों के अनुसार, अधिकांश निजी एयरलाइंस कंपनियां प्रस्तावित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) के लिए स्लॉट बुक करा चुकी हैं। इसके चलते हिंडन से संचालन में उनकी रुचि कम हुई है। सुरक्षा कारणों और कोहरे के दौरान उड़ानों में व्यवधान भी एक प्रमुख वजह मानी जा रही है। इसके अलावा ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (DTL) के नए नियम मार्च के बाद लागू होने वाले हैं, जिसके चलते कई निजी एयरलाइंस अपनी उड़ानों की संख्या में कटौती कर रही हैं।

फ्लाई बिग ने बंद किया संचालन

निजी एयरलाइन फ्लाईबिग ने 6 सितंबर 2023 से लुधियाना, भटिंडा और देहरादून के लिए उड़ानें शुरू की थीं। हालांकि देहरादून की सेवा शुरू नहीं हो सकी। बाद में कंपनी ने देशभर में अपनी सेवाएं बंद कर दीं, जिससे भटिंडा और लुधियाना की फ्लाइट्स भी ठप हो गईं।
 

इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने घटाईं उड़ानें

इंडिगो की पहले 8 फ्लाइट्स संचालित हो रही थीं, जिनमें से अब 7 ही चल रही हैं। वर्तमान में पटना, कोलकाता, वाराणसी, बेंगलुरु, मुंबई और अहमदाबाद के लिए उड़ानें जारी हैं। वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से केवल बेंगलुरु और मुंबई के लिए ही सेवाएं संचालित की जा रही हैं। मार्च तक इन कंपनियों द्वारा उड़ानों में और कटौती की आशंका जताई जा रही है।
 

मंत्री के वादे भी बेअसर

पिछले साल जब एयर इंडिया एक्सप्रेस ने एक साथ 9 और इंडिगो ने जुलाई में 8 शहरों के लिए सेवाएं शुरू की थीं, तब नागरिक उड्डयन मंत्री ने हिंडन एयरपोर्ट पर नई सुविधाएं लाने का वादा किया था। लेकिन एक साल के भीतर ही उड़ानों की घटती संख्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

हिंडन एयरपोर्ट के निदेशक डॉ. चिलका महेश ने बताया कि कुछ एयरलाइंस ने गर्मियों के लिए स्लॉट बुक किए हैं, लेकिन अभी तक बुकिंग शुरू नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि एयरलाइंस को सेवाएं बहाल करने के लिए पत्र लिखा गया है, हालांकि अभी तक कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला है।