गुरुद्वारा, चिकित्सालय और विश्राम स्थल के सामने डाला जा रहा कूड़ा — प्रशासन बोला: “अस्थायी व्यवस्था”
Garbage is being dumped in front of the Gurudwara,
कुरुक्षेत्र। अरविंद मोहन शर्मा ,धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के बीचों-बीच स्थित केशव पार्क को नगर प्रशासन द्वारा कूड़ा फेंकने का स्थान बनाए जाने से शहर में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। जिस स्थान पर प्रत्येक वर्ष बच्चों को स्वच्छता की शपथ दिलाई जाती है, वहीं अब कूड़े के ढेर लगाए जा रहे हैं। इससे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी नाराज़गी देखने को मिल रही है।
केशव पार्क के निकट ही सिख श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र छठी पातशाही गुरुद्वारा स्थित है, जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मत्था टेकने आते हैं। पार्क के सामने सैनी समाज भवन है, जबकि बिल्कुल पास नीलकंठ यात्री निवास अतिथियों के ठहरने का प्रमुख स्थान नीलकंठ यात्री निवास और उसके सामने दो चिकित्सालय भी मौजूद हैं। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में कूड़ा डाले जाने से लोग इसे धर्मनगरी की छवि पर आघात बता रहे हैं।
मौके पर कूड़ा खाली कर रहे वाहन चालकों ने बताया कि उन्हें उच्च अधिकारियों के निर्देश पर यहाँ कूड़ा डालने के लिए कहा गया है। जब इस विषय में थानेसर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि नगर परिषद को फिलहाल कूड़ा डालने के लिए उपयुक्त स्थान नहीं मिला है, इसलिए अस्थायी रूप से यहाँ कूड़ा डाला जा रहा है। उनका कहना है कि जैसे ही उचित स्थान मिल जाएगा, इस स्थान को तुरंत बदल दिया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में कूड़ा डालना न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत करता है, बल्कि चिकित्सालयों के निकट होने के कारण स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करता है।
गौरतलब है कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का गृह क्षेत्र होने के बावजूद शहर के प्रमुख स्थान पर कूड़े का अंबार लगना प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े कर रहा है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन लोगों की भावनाओं और स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं को देखते हुए इस विवादित कूड़ा स्थल को कब तक हटाता है।