गजरौला: लिपिक अजय कुमार फर्जी हाईस्कूल प्रमाण पत्र के आरोप में निलंबित
Gajraula: Clerk Ajay Kumar suspended for having
गजरौला। नगर पालिका परिषद में कार्यरत लिपिक अजय कुमार पर हाईस्कूल के फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी हासिल करने का आरोप लगा था। विधायक राजीव तरारा ने लिपिक द्वारा फर्जी कागजों के आधार पर नौकरी पाने की शिकायत शासन स्तर पर की थी। शासन स्तर द्वारा गठित कमेटी ने जांच की तो लिपिक के कागज फर्जी पाए गए हैं। कमेटी की जांच रिपोर्ट मिलने पर लिपिक को निलंबित कर दिया गया है। विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
नगर पालिका कार्यालय में अजय कुमार कर लिपिक के पद पर तैनात हैं। उन्होंने यहां 1989 में दैनिक कर्मी के रूप में तैनाती प्राप्त की थी। उन्होंने कार्यालय में दाखिल प्रमाण पत्र में दर्शाया था कि वह 1983 में संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय वाराणसी से हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण हैं। जबकि वह इसी वर्ष में गजरौला के ज्ञान भारती इंटर कालेज से भी हाईस्कूल की परीक्षा में अनुत्तीर्ण हुए थे।
इसके अलावा अजय कुमार ने बाद में 2004 में बोर्ड आफ हायर एजुकेशन से हाईस्कूल तथा 2006 में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण करना दर्शाया है। जिसके आधार पर वह 2011 में वह स्थायी हुए हैं। इसकी शिकायत विधायक राजीव तरारा ने शासन स्तर पर की थी। वहीं कुछ सभासदों द्वारा भी इस मामले को उठाया था। जिसके बाद शासन स्तर से जिला विद्यालय निरीक्षक के नेतृत्व में कमेटी गठित कर जांच कराई गई तो नौकरी लेने के लिए लगाई गई हाईस्कूल की अंकतालिका अवैध पाई गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपित लिपिक को निलंबित कर दिया गया है।
शासन स्तर से कराई गई जांच में लिपिक के अभिलेख सही नहीं मिले हैं। कमेटी ने अंकतालिका फर्जी होने की रिपोर्ट दी है। लिहाजा आरोपित लिपिक को निलंबित कर दिया गया है। नोटिस भेज कर पक्ष मांगा गया है। विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। ललित आर्य, ईओ।