“निशुल्क आवास योजना: लखीमपुर के लाभार्थियों के खातों में सीधे धनराशि”

“निशुल्क आवास योजना: लखीमपुर के लाभार्थियों के खातों में सीधे धनराशि”

Free Housing Scheme

“Free Housing Scheme

  1. 5100 लाभार्थियों को एक-एक लाख रुपये हस्तांतरित किए गए।

  2. केवल भूतल पर 30-45 वर्गमीटर में बनेगा आवास।

  3. योजना पूरी तरह निःशुल्क, गुणवत्ता पर विशेष ध्यान।

लखीमपुर। जिला नगरीय विकास अभिकरण के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी 2.0 को जिले में बड़ी गति मिली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वन क्लिक के माध्यम से जिले के 5100 लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रति लाभार्थी एक-एक लाख रुपये की धनराशि स्थानांतरित की गई। धनराशि सीधे खातों में पहुंचने से पात्र परिवारों में उत्साह का माहौल है और अपने पक्के घर का सपना साकार होने की उम्मीद जगी है।

एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने स्पष्ट किया है कि प्राप्त धनराशि से आवास का निर्माण नियमानुसार ही कराया जाएगा। प्रत्येक लाभार्थी को न्यूनतम 30 वर्गमीटर तथा अधिकतम 45 वर्गमीटर क्षेत्रफल में ही मकान बनवाना होगा।

यह भी अनिवार्य किया गया है कि आवास का निर्माण केवल भूतल पर ही किया जाए। किसी भी स्थिति में प्रथम या द्वितीय तल पर निर्माण को मान्य नहीं माना जाएगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर अवमुक्त धनराशि की वसूली की जाएगी।

निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। लाभार्थियों को हर हाल में आवास की छत आरसीसी की ही डलवानी होगी, ताकि भवन सुरक्षित और टिकाऊ बने। संबंधित विभाग द्वारा समय-समय पर निर्माण कार्य की निगरानी भी की जाएगी।

अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी पूरी तरह निश्शुल्क है। किसी भी लाभार्थी को किसी भी स्तर पर किसी प्रकार की धनराशि देने की आवश्यकता नहीं है। यदि कोई व्यक्ति योजना के नाम पर धन की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की गई है।

जिले में बड़ी संख्या में लाभार्थियों को एक साथ धनराशि हस्तांतरित होने से शहरी क्षेत्र में आवास निर्माण गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है। प्रशासन का कहना है कि पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराना ही सरकार की प्राथमिकता है।