ऋषिकेश में सड़क हादसे में रेंजर समेत चार वन कर्मियों की मौत, नई गाड़ी के ट्रायल के दौरान हुआ एक्सीडेंट

ऋषिकेश में सड़क हादसे में रेंजर समेत चार वन कर्मियों की मौत, नई गाड़ी के ट्रायल के दौरान हुआ एक्सीडेंट

Uttarakhand Road Accident

Uttarakhand Road Accident

Uttarakhand Road Accident: राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क की चीला रेज में इंटरसेप्टर वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से पार्क प्रशासन के दो अधिकारियों सहित चार लोगों की मौत हो गई। जबकि पार्क की वन्य जीव प्रतिपालक चीला नहर में गिर कर लापता हो गई है। वहीं घटना में पांच अन्य लोग घायल हैं। जिनको उपचार के लिए एम्स में भर्ती किया गया है। मरने वालों में पीएमओ में तैनात एक वरिष्ठ अफसर के भाई भी शामिल हैं।

सोमवार शाम करीब पांच बजे पार्क के चीला रेंज में एक इंटरसेप्टर वाहन का ट्रायल किया जा रहा था। पार्क प्रशासन को वाहन पेट्रोलिंग व जानवरों के रेस्क्यू के लिए मिला था। ट्रायल के लिए वाहन में वन्य जीव प्रतिपालक आलोकी, वन क्षेत्राधिकारी शैलेश घिल्डियाल, उपवन क्षेत्राधिकारी प्रमोद ध्यानी, चिकित्सक राकेश नौटियाल के अलावा कुलराज सिंह, हिमांशु गोसाई, सैफ अली खान, अंकुश, अमित सेमवाल व अश्विन बीजू सवार थे। बताया जा रहा है कि वाहन चीला से ऋषिकेश की ओर आ रहा था।

चीला विद्युत गृह से कुछ आगे अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराया। और बाद में चीला शक्ति नहर के पैराफिट से जा टकराया। पेड़ से टकराने के दौरान कुछ लोग छिटक कर खाई में जा गिरे। वहीं वाहन में सवार वन्य जीव प्रतिपालक आलोकी नहर में जा गिरी।

कुलराज सिंह व अंकुश दोनों वाहन का करा रहे थे ट्रायल

वाहन के पीछे चल रहे एक अन्य वाहन के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस व पार्क प्रशासन को दी। साथ ही रेस्क्यू भी शुरू किया। मौके पर पहुंची पुलिस व वन विभाग के कर्मचारियों ने घायलों को खाई से निकाल कर उपचार के लिए एम्स पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने मृतक शैलेश घिल्डियाल (रेंज अधिकारी), प्रमोद ध्यानी (डिप्टी रेंजर), सैफ अली खान पुत्र खलील उल रहमान, कुलराज सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं हिमांशु गोसाई पुत्र गोविंद सिंह (वाहन चालक), राकेश नौटियाल राजाजी नेशनल पार्क, अंकुश, अमित सेमवाल (चालक), अश्विन बिजू (24 वर्ष) (चालक) शामिल हैं। वन्य जीव प्रतिपालक आलोकी लापता चल रही हैं। जिनकी तलाश के लिए एसडीआरएफ जिला शक्ति नहर में सर्च अभियान चला रही है। कुलराज सिंह व अंकुश वाहन बनाने वाली कंपनी के कर्मचारी बताए जा रहे हैं। उक्त दोनों वाहन का ट्रायल करा रहे थे।

इलेक्ट्रिक था वाहन
वाहन पार्क प्रशासन को आज भी मिला था। वाहन इलेक्टि्रक था। बताया जा रहा है कि वाहन बैंगलूरू की एक कंपनी का था। वाहन अभी पंजीकृत नहीं था। वाहन में कितने लोग बैठ सकते हैं, यह स्पष्ट नहीं है।

वाहन में बैठे लोगों की संख्या पर भी संशय
वाहन में बैठे लोगों की संख्या पर भी संशय बना हुआ है। विभाग के अनुसार वाहन में 10 लोग सवार थे। जिनमें चार की मौत हो चुकी है। पांच घायल है। तथा एक लापता चल रही हैं। जबकि प्रत्यक्ष दर्शियों ने दो लोगों के चीला नहर में बहने की बात कही है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उन्होंने एक महिला व एक पुरुष को नहर में बहते देखा है।

चीला रेंज में वाहन दुर्घटना पर मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश के चीला रेंज में हुई वाहन दुर्घटना में वन विभाग कर्मचारियों की आकस्मिक मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने वाहन दुर्घटना में मारे गए कार्मिकों की आत्मा की शांति व शोक संतप्त परिवारजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की है।

मृतक
1- शैलेश घिल्डियाल (रेंज अधिकारी) 
2- प्रमोद ध्यानी (उप वन क्षेत्राधिकार)
3- सैफ अली खान पुत्र खलील उल रहमान
4- कुलराज सिंह 

घायल
1- हिमांशु गोसाई पुत्र गोविंद सिंह (वाहन चालक)
2- राकेश नौटियाल राजाजी नेशनल पार्क 
3- अंकुश
4- अमित सेमवाल (चालक)
5- अश्विन बिजू (24 वर्ष) (चालक)

लापता
1- आलोकी (वन्य जीव प्रतिपालक)

चीला शक्ति नहर बंद कराई
राजाजी टाइगर रिजर्व में कार दुर्घटना के बाद जिला प्रशासन की ओर से चीला शक्ति नहर को बंद करा दिया गया है। चीला शक्ति नहर में राजाजी टाइगर रिजर्व की वन्यजीव प्रतिपालक आलोकी के गिरने के बाद एसडीआरएफ की ओर से शक्ति नहर में सर्च अभियान चलाया जा रहा था। रात करीब 7:45 बजे प्रशासन की ओर से शक्ति नहर को बंद कर दिया गया है। पशुलोक बैराज कंट्रोल रूम से बताया गया कि शक्ति नहर को बंद कर दिया गया है, अग्रिम आदेशों तक नहर बंद रहेगी।

यह पढ़ें:

देहरादून में जानलेवा क्लोरीन गैस लीक; लोगों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन, आसपास के घर खाली कराए गए, NDRF पहुंची

आज लोकसभा चुनाव की रणनीति को धार देगी भाजपा, उत्तराखंड में जुटेंगे सीएम धामी के साथ बीजेपी के बड़े नेता

एसएसपी की जान लेने पर आमादा हुआ सिपाही : बिगुल से किया हमला, बाल-बाल बचे