यूपी में ‘इंडिया चिप’ सेमीकंडक्टर परियोजना का शिलान्यास, ₹3700 करोड़ निवेश से तकनीकी आत्मनिर्भरता को बढ़ावा
Foundation stone laid for 'India Chip' semiconductor project in UP
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को धरातल पर उतारते हुए यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर परियोजना 'इंडिया चिप' की आधारशिला रखी. ₹3700 करोड़ से अधिक के निवेश वाली यह परियोजना नए भारत और नए उत्तर प्रदेश की तकनीकी आत्मनिर्भरता का जीवंत प्रतीक है. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी की अर्थव्यवस्था चिप आधारित तकनीक पर निर्भर है और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत अब इमर्जिंग टेक्नोलॉजी का वैश्विक हब बन रहा है.
जेवर: अराजकता के दौर से 'डिजिटल डायमंड' तक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जेवर के ऐतिहासिक बदलाव को रेखांकित करते हुए कहा कि जो क्षेत्र कभी असुरक्षा और अराजकता के लिए जाना जाता था, आज वही प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में भारत का 'जेवर' बनकर उभर रहा है. उन्होंने 'सेमीकॉन इंडिया 2025' के मंत्र को दोहराते हुए कहा कि यदि तेल काला सोना था, तो चिप्स 'डिजिटल डायमंड' हैं. जेवर में स्थापित हो रही एचसीएल (HCL) और फॉक्सकॉन (Foxconn) की यह संयुक्त डिस्प्ले ड्राइवर सेमीकंडक्टर ओसैट यूनिट तकनीकी नेतृत्व की दिशा में उत्तर प्रदेश का बड़ा कदम है.
निवेश का 'ड्रीम डेस्टिनेशन' बना उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में 'फियरलेस बिजनेस' और 'ट्रस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस' का एक मजबूत इकोसिस्टम तैयार किया गया है. 34 से अधिक सेक्टोरल नीतियों और डी-रेगुलेशन के माध्यम से यूपी आज निवेश का वैश्विक गंतव्य बन चुका है. सरकार ने डी-क्रिमिनलाइजेशन के तहत 99 राज्य अधिनियमों में 13 प्रतिशत से अधिक आपराधिक प्रावधानों को समाप्त कर व्यापारिक सुगमता को बढ़ाया है. यह सकारात्मक माहौल ही है कि आज प्रदेश मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स का केंद्र बन गया है.
सफलता का आधार: किसान और जनप्रतिनिधि
परियोजना की सफलता का श्रेय मुख्यमंत्री ने अन्नदाता किसानों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सकारात्मक रुख को दिया. उन्होंने कहा कि यमुना प्राधिकरण के साथ किसानों के सहयोग के कारण ही आज 'स्केल, स्किल और स्पीड' का परिणाम जमीन पर दिखाई दे रहा है. केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी मुख्यमंत्री की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से यूपी आज लॉ एंड ऑर्डर, कनेक्टिविटी और इन्फ्रास्ट्रक्चर में देश का अग्रणी राज्य है.
वैश्विक दिग्गजों का भरोसा
इस ऐतिहासिक मौके पर एचसीएल ग्रुप की चेयरपर्सन रोशनी नाडर मल्होत्रा और फॉक्सकॉन के बॉब चेन ने उत्तर प्रदेश सरकार के अटूट समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्णायक कदमों ने दिखाया है कि कैसे प्रदेश की तस्वीर बदली जा सकती है. इस प्लांट के माध्यम से हर महीने 3 करोड़ 60 लाख चिप्स का उत्पादन कर भारत को वैश्विक सेमीकंडक्टर मानचित्र पर मजबूती से स्थापित किया जाएगा.