हरियाणा में बाढ़ का कहर जारी: सिरसा में पुल का हिस्सा खिसका, बहादुरगढ़ में सेना तैनात; कुरुक्षेत्र में युवक डूबा
- By Gaurav --
- Friday, 05 Sep, 2025
Flood havoc continues in Haryana:
Flood havoc continues in Haryana: हरियाणा में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। सिरसा जिले में घग्गर नदी के ओवरफ्लो होने से झोरनाली गांव में पुल का एक हिस्सा खिसक गया है। यह पुल 20 गांवों को सिरसा से जोड़ने का एकमात्र रास्ता है। सुरक्षा कारणों से पुलिस ने बैरियर लगाकर आवाजाही रोक दी है।
राज्य की प्रमुख नदियां उफान पर हैं। फरीदाबाद में यमुना, सिरसा में घग्गर, कुरुक्षेत्र में मारकंडा और अंबाला में टांगरी नदी ओवरफ्लो हैं। हथिनीकुंड बैराज से अब 52,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। जलस्तर डेंजर मार्क से नीचे आने के बाद फ्लड गेट बंद कर दिए गए हैं।
बहादुरगढ़ में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए हिसार कैंट से 80 सैनिक पहुंचे हैं। मुंगेशपुर ड्रेन के ओवरफ्लो होने से शहर के कई इलाकों में पानी भर गया है। एसडीएम नसीब कुमार के अनुसार, सेना की मौजूदगी से राहत कार्यों में तेजी आएगी।
कुरुक्षेत्र के पिहोवा में एक दुखद घटना सामने आई। बीबीपुर और चनालहेड़ी सड़क पर मारकंडा नदी में 18 वर्षीय अरुण कुमार डूब गया। पुलिस और गोताखोर उसकी तलाश में जुटे हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसानों को राहत का भरोसा दिलाया है। बारिश से हुए फसल नुकसान की भरपाई के लिए पोर्टल शुरू कर दिया गया है।
मौसम विभाग ने नूंह, पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम समेत कई जिलों में आज रात साढ़े 9 बजे तक बारिश की चेतावनी दी है। हिसार, झज्जर और फरीदाबाद में शाम को बारिश हुई।