कैथल में युवक के अपहरण और मारपीट मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने करवाई सार्वजनिक परेड
Five Arrested in Kaithal Kidnapping
हरियाणा के कैथल में युवक के अपहरण और बेरहमी से मारपीट करने के मामले में थाना तितरम और सीआईए-1 पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों की सार्वजनिक रूप से सड़क पर परेड भी करवाई।
सीआईए-1 प्रभारी Jaswant Singh ने बताया कि शिकायतकर्ता विवेक निवासी सिसला ने 8 मई की शाम करीब 5:30 बजे हुई घटना की शिकायत दर्ज करवाई थी। विवेक के अनुसार वह अपने मित्र के साथ बाइक पर सिसला से सिसमौर जा रहा था। इसी दौरान सिसमौर स्थित एक हलवाई की दुकान के पास सफेद स्विफ्ट कार से गांव का युवक मोहित उतरा और उस पर हमला कर दिया। उसके साथी चीना उर्फ पाई ने भी विवेक के साथ मारपीट की।
शिकायत के अनुसार आरोपी विवेक को जबरन कार में बैठाकर कैथल के सेक्टर-18 स्थित एक कॉलोनी में ले गए, जहां दो अन्य साथियों को बुलाकर उसके साथ हेड रेस्ट, हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई और घटना की वीडियो भी बनाई गई।
इसके बाद आरोपी विवेक को चंदाना वाली नहर की ओर ले गए, जहां मौजूद दो अन्य युवकों के साथ मिलकर प्लास्टिक पाइप से उसकी पिटाई की गई। शिकायत में यह भी कहा गया कि आरोपी मोहित ने विवेक की सोने की मुरकी भी छीन ली।
घायल अवस्था में विवेक को वापस सिसमौर छोड़ते समय आरोपियों ने धमकी दी कि यदि उसने पुलिस में शिकायत की तो उसके परिवार को जान से मार दिया जाएगा। गंभीर रूप से घायल विवेक को बाद में सिविल अस्पताल कैथल में भर्ती कराया गया।
थाना तितरम में दर्ज मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवेक और आरोपी मोहित के बीच पुरानी रंजिश थी, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और सभी को अदालत में पेश किया जाएगा।