जटौला-ततारपुर रोड पर स्थित एडजैल केमिकल कंपनी में लगी आग, करोडों का नुकसान
Fire breaks out at Adjel Chemical Company
गुरूग्राम, रेवाडी, धारूहेडा, फरीदाबाद, सोहना, पलवल व नूंह तक से मंगाई फायरब्रिगेड
-उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ के निर्देशानुसार एडीसी जितेंद्र कुमार और एसडीएम भूपेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर लिया आगजनी की घटना का जायजा
-जिला प्रशासन की तत्परता और मुस्तैदी से आग पर जल्द पाया गया काबू, कंपनी से सुरक्षित बाहर निकाले श्रमिक
पलवल। दयाराम वशिष्ठ: Fire breaks out at Adjel Chemical Company: पलवल के जटौला ततारपुर रोड स्थित एडजैल केमिकल कंपनी में गुरूवार दोपहर बाद केमिकल के टैंकर से अनलोड करते अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग बेकाबू होती चली गई। अधर, आग की सूचना मिलते ही गदपुरी थाना पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जिला प्रशासन ने पूरी मुस्तैदी के साथ कंपनी से श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला तथा तेजी के साथ बचाव कार्य शुरू कर दिए। जिला प्रशासन की तत्परता और मुस्तैदी से गुरुवार को कई घंटे की कडी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

केमिकल कम्पनी में आग दोपहर बाद करीब सवा दो बजे लगी। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ को जैसे ही घटना की सूचना मिली, उन्होंने तुरंत एडीसी एवं जिला परिषद सीईओ जितेंद्र कुमार और एसडीएम भूपेंद्र सिंह को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। एडीसी तथा एसडीएम पलवल ने मौके पर जाकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।
गुरूग्राम, रेवाडी, धारूहेडा, फरीदाबाद, सोहना, पलवल व नूंह तक से मंगाई फायरब्रिगेड
जिला उपायुक्त डा़ हरीश कुमार वशिष्ठ ने स्थिति को संभालते हुए गुरूग्राम, रेवाडी, धारूहेडा, फरीदाबाद, सोहना, पलवल व नूंह तक से फायरब्रिगेड की गाडियां मंगाकर आग पर काबू पाया। इन गाडियों के पहुंचने तक समीप में डी डेवलेपमेंट कंपनी की ओर से आग बुझाने में काफी मदद की। आग पर काबू पाने में दिक्कत को देखते हुए जेसीबी से एडजैल कंपनी की दिवार को तुडवाया गया। इसके बाद ही आग पर काबू पाया गया। बताया जाता है कि इन दिनों फायरब्रिगेड कर्मचारियों की हडताल चल रही है, इसके चलते होमगार्ड व हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों की मदद ली गई। हालांकि आग की बडी घटना को देखते हुए कुछ फायरकर्मियों ने मानवता का परिचय देते हुए हडताल छोड आग बुझाने कंपनी पहुंच गए। फायरकर्मी भागीरथ ने बताया कि जैसे ही उन्हें आग की बडी घटना के बारे में पता चला तो वे तुरंत अपने अन्य साथियों नवीन पाल रेखपाल जी के साथ आग बुझाने पहुच गए।

आग लगते ही आसपास की कंपनी व मकान दुकानों को कराया खाली
जिला प्रशासन ने आग से बचाव के चलते आसपास के मकान व दुकान खाली करा दिए। कंपनी में कार्य कर रहे श्रमिकों को तुरंत प्रभाव से सुरक्षित बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शी जटौला गांव के समाजसेवी धर्मवीर ने बताया कि गदपुरी थाना एसएचओ व बघौला पुलिस ने ने मौके पर पहुंचकर रास्तों से सभी वाहनों को हटवा दिया, ताकि फायरब्रिगेड की गाडियों के पहुंचने में कोई रूकावट न आए।
तीन किलोमीटर में छा गया धूंआ ही धूंआ
आग इतनी भंयकर थी कि लपटें आसमान को छू रही थी। इस आग से चारों ओर धूंआ ही धूंआ फैल गया। आग लगने से केमिकल के ड्रम फटने की आवाज आती रही। खबर लिखे जाने तक फायरकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे थे।
आग के कारणों की जांच शुरू
अतिरिक्त उपायुक्त जितेंद्र कुमार और एसडीएम भूपेंद्र सिंह ने कंपनी में लगी आग के कारणों की पड़ताल की। उन्होंने कहा कि आगजनी में किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है। पलवल से एक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार यह आग टैंकर से केमिकल अनलोड करते वक्त लगी। कंपनी में केमिकल को दो सायलो में स्टोर किया जाता है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
उन्होंने आगजनी की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। समाचार लिखे जाने तक आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था और पूर्ण रूप से नियंत्रित किए जाने के लिए प्रयास जारी था। इस दौरान डीएसपी नरेंद्र खटाना, तहसीलदार दिनेश आदि संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।