फतेहाबाद में ACB की बड़ी कार्रवाई, 35 हजार की रिश्वत लेते महिला ASI गिरफ्तार
- By Gaurav --
- Tuesday, 23 Jun, 2026
Female ASI Arrested by ACB
हरियाणा सरकार जहां भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर जोर दे रही है, वहीं फतेहाबाद जिले में रिश्वतखोरी का एक मामला सामने आया है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) जींद की टीम ने कार्रवाई करते हुए भट्टू थाना में तैनात महिला असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) तलविंद्र कौर को कथित तौर पर 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, एसीबी की टीम ने शिकायत के आधार पर जाल बिछाकर कार्रवाई की और महिला एएसआई को रंगे हाथों काबू कर लिया। इस मामले में रिश्वत दिलाने के लिए कथित तौर पर बिचौलिए की भूमिका निभाने वाली कस्तूरी देवी नामक महिला को भी गिरफ्तार किया गया है।
कार्रवाई के बाद एसीबी टीम दोनों आरोपियों को अपने साथ फतेहाबाद कार्यालय ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार पूछताछ के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और कार्रवाई का विस्तृत खुलासा किया जा सकता है।
फिलहाल एसीबी पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि रिश्वत की मांग किस उद्देश्य से की गई थी तथा इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका है या नहीं।
मामले में आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर की जाएगी।