Fatehabad: Inspector shot with service revolver, condition critical; referred to Hisar

फतेहाबाद में सर्विस रिवॉल्वर से इंस्पेक्टर को गोली, हालत गंभीर; हिसार रेफर

undefined

Fatehabad: Inspector shot with service revolver, condition critical; referred to Hisar

हरियाणा के फतेहाबाद में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां सर्विस रिवॉल्वर से गोली लगने के कारण इंस्पेक्टर शमशेर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए हिसार रेफर कर दिया गया।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घायल इंस्पेक्टर सड़क पर बैठे नजर आ रहे हैं और उनके पेट से खून बह रहा है। वीडियो में वह आसपास मौजूद लोगों से खुद को अस्पताल ले जाने की अपील करते दिख रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर शमशेर सिंह अपनी निजी किआ कार से हिसार से फतेहाबाद की ओर जा रहे थे। इसी दौरान धांगड़ गांव के पास हाईवे पर वह घायल अवस्था में दूसरी लेन की तरफ बैठे मिले। मौके पर पहुंचे एक युवक ने राहगीरों की मदद से उन्हें गाड़ी में डालकर सद्भावना अस्पताल पहुंचाया और डायल-112 पर भी सूचना दी।

शमशेर सिंह वर्तमान में सिरसा पुलिस लाइन में तैनात हैं और मिसिंग सेल के इंचार्ज के तौर पर कार्यरत हैं। वह पहले ट्रैफिक SHO और रोड़ी थाना प्रभारी भी रह चुके हैं। करीब दो महीने पहले ही उनका ट्रांसफर पुलिस लाइन में किया गया था।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी प्रह्लाद सिंह और अन्य पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे। वहीं, सिरसा के SP दीपक सहारण ने बताया कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किन परिस्थितियों में गोली चली। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और इंस्पेक्टर के बयान के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इंस्पेक्टर शमशेर सिंह टोहाना के धारसूल कलां गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता सीताराम नंबरदार का एक साल पहले निधन हो चुका है। वह तीन भाइयों में सबसे छोटे हैं और उनके दो बेटे हैं। हाल ही में वह गांव में एक शादी समारोह में भी शामिल हुए थे, जहां वह सामान्य और खुश नजर आ रहे थे।