यमुनानगर में किसान की हत्या: सुबह की सैर पर निकला था सतनाम सिंह, अज्ञात हमलावरों ने गोलियों से भूना
Farmer Murdered in Yamunanagar
यमुनानगर। Farmer Murdered in Yamunanagar: हरियाणा के यमुनानगर जिले के गांव बाल छप्पर में सोमवार तड़के उस समय सनसनी फैल गई, जब सुबह की सैर पर निकले एक किसान की बाइक सवार बदमाशों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी। पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और आपसी विवाद समेत विभिन्न पहलुओं को लेकर जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार गांव बाल छप्पर निवासी 50 वर्षीय सतनाम सिंह खेतीबाड़ी करते थे। सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे वह रोजाना की तरह घर से टहलने के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि गांव से कुछ दूरी पर पहुंचते ही पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां लगते ही सतनाम सिंह सड़क पर गिर पड़े। हमलावर वारदात के तुरंत बाद मौके से फरार हो गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। सड़क पर सतनाम सिंह का शव पड़ा देख ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्र हो गए।
सूचना मिलने पर थाना पुलिस, सीआईए टीम और एफएसएल एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के क्षेत्र की जांच की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। वारदात के बाद जिलेभर में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच की गई, हालांकि देर शाम तक पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया था।
छप्पर थाना प्रभारी अजय कुमार का कल कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमें गठित की गई हैं। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया गया है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।