फरीदाबाद में जनगणना ड्यूटी के दबाव से महिला ने निगला जहरीला पदार्थ, अस्पताल में भर्ती
- By Gaurav --
- Friday, 08 May, 2026
Faridabad Woman Consumes
फरीदाबाद में जनगणना ड्यूटी को लेकर मानसिक तनाव का एक मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने कथित दबाव के चलते जहरीला पदार्थ निगल लिया। महिला को गंभीर हालत में सेक्टर-62 स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार महिला आशियाना फ्लैट, सेक्टर-62 की रहने वाली है और ब्यूटी पार्लर का काम करती है।
परिजनों का आरोप है कि कुछ समय पहले महिला को जनगणना कार्य में अस्थायी ड्यूटी और अच्छे वेतन का लालच देकर आवेदन करवाया गया था। महिला ने नगर निगम कार्यालय में दस्तावेज जमा किए और एनआईटी क्षेत्र के एक स्कूल में तीन दिन की ट्रेनिंग भी ली। परिवार का कहना है कि ट्रेनिंग के दौरान महिला को पता चला कि काम की शर्तें और भुगतान पहले बताई गई जानकारी से अलग हैं। जब महिला ने ड्यूटी करने से इनकार किया तो कथित तौर पर नगर निगम से जुड़े कुछ लोग लगातार फोन कर उस पर काम ज्वाइन करने का दबाव बनाने लगे।
परिजनों के मुताबिक महिला को कानूनी कार्रवाई और एफआईआर दर्ज कराने की धमकी भी दी गई, जिससे वह मानसिक तनाव में आ गई। इसी तनाव में महिला ने घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिवार के लोग उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और महिला के बयान दर्ज किए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।