यमुनानगर में मृत व्यक्ति की जमीन हड़पने की साजिश, फर्जी आधार-पैन बनाकर करवाई वसीयत
- By Gaurav --
- Monday, 18 May, 2026
Fake Aadhaar and PAN
हरियाणा के यमुनानगर में मृत व्यक्ति की संपत्ति पर कब्जा करने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता मोहन लाल निवासी राजा साहब गली, जगाधरी ने पुलिस को बताया कि जोती राम उनके परिवार के सदस्य थे और उनकी जमीन गांव मामली में स्थित थी। उन्होंने बताया कि जोती राम की मृत्यु 26 मई 1973 को कुरुक्षेत्र के लाडवा में हो चुकी थी और वह उनके वैध वारिस हैं।
मोहन लाल ने आरोप लगाया कि प्रॉपर्टी डीलर धर्म नारायण ने मृतक जोती राम की पहचान का दुरुपयोग करते हुए फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार करवाए। इतना ही नहीं, साल 2017 में एक डमी व्यक्ति को सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में खड़ा कर जोती राम के नाम से फर्जी वसीयत भी अपने नाम करवा ली गई।
शिकायत के अनुसार आरोपी ने कांसापुर निवासी चमन लाल के आधार नंबर का इस्तेमाल कर जोती राम के नाम से फर्जी आधार कार्ड तैयार किया। जांच में यह भी सामने आया कि चमन लाल की मौत वर्ष 2018 में हो चुकी है। इसी फर्जी पहचान के आधार पर हरिद्वार में भी वर्ष 2018 में जोती राम की मृत्यु दर्ज कराई गई।
मामला सामने आने के बाद शिकायतकर्ता ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। दस्तावेजों की जांच के बाद अदालत ने फर्जी वसीयत को रद्द कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी धर्म नारायण के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।