कंधे की सर्जरी के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज हुए पवन कल्याण, पत्नी अन्ना ने शेयर किया हेल्थ अपडेट
Pawan Kalyan Health Update
हैदराबाद: Pawan Kalyan Health Update: आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण को बुधवार (15 जुलाई) को मुंबई के एक अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. उनके दाहिने कंधे की सर्जरी के कुछ दिनों बाद उन्हें डिस्चार्ज किया गया. अस्पताल से तस्वीरें शेयर करते हुए, उनकी पत्नी अन्ना कोनिडेला ने इलाज के दौरान एक्टर-नेता का बेहतरीन ख्याल रखने के लिए मेडिकल टीम का आभार जताया.
15 जुलाई को पवन कल्याण की पत्नी अन्ना कोनिडेला ने अस्पताल से कुछ तस्वीरें शेयर की और फैंस को पवन कल्याण के हेल्थ के बारे में अपडेट दिया. उन्होंने अपने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, 'आज हमें आखिरकार अस्पताल से छुट्टी मिल गई है और हमारा दिल आभार से भरा हुआ है.'
उन्होंने आगे कहा, 'मेरे पति का इतना बेहतरीन ख्याल रखने और बहुत ही कुशलता और प्रोफेशनलिज्म के साथ उनकी सर्जरी करने के लिए इस शानदार टीम का दिल से शुक्रिया. हमें पता था कि वे सबसे अच्छे हाथों में हैं, और इससे हमारे परिवार को एक अनमोल चीज मिली - मन की शांति.'
आखिरी में सबका शुक्रियाअदा करते हुए एना ने लिखा, 'इस सफर के दौरान न सिर्फ आपकी विशेषज्ञता के लिए, बल्कि आपकी दयालुता, लगन और सहानुभूति के लिए भी आपका शुक्रिया. हम हमेशा आपके आभारी रहेंगे.'
शनिवार, 11 जुलाई को पवन कल्याण को अस्पताल में भर्ती कराया गया, क्योंकि डॉक्टरों ने उनके दाहिने कंधे की रोटेटर कफ मांसपेशी में गंभीर चोट (टियर) के कारण सर्जरी की सलाह दी थी. ऑपरेशन लगभग साढ़े तीन घंटे तक चला और इसे मशहूर ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. दिनशॉ पारदीवाला की अगुवाई वाली टीम ने किया. इस हफ्ते की शुरुआत में, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अस्पताल में अपने डिप्टी से मुलाकात की और उनके जल्द ठीक होने की कामना की.
जन सेना पार्टी के अनुसार, एक्टर-नेता को 2016 से कंधे में दर्द की समस्या है. उनके व्यस्त शेड्यूल की वजह से समय के साथ यह चोट और गंभीर हो गई. सर्जरी के दौरान डॉक्टरों को उनके दाहिने कंधे में 'एवल्शन फ्रैक्चर' भी मिला.
डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि पवन कल्याण अच्छी तरह ठीक हो रहे हैं और अस्पताल से छुट्टी पाने के लिए पूरी तरह फिट हैं. अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वे हैदराबाद स्थित अपने घर गए, जहां वे आगे भी ठीक होने की प्रक्रिया जारी रखेंगे.