'कल्कि 2898 एडी' के सीक्वल की शूटिंग इस महीने से फिर से होगी शुरू, नाग अश्विन ने किया खास वादा

Kalki 2898 AD Sequel Update

Kalki 2898 AD Sequel Update

हैदराबाद: Kalki 2898 AD Sequel Update: प्रभास, अमिताभ बच्चन और कमल हासन की मुख्य भूमिकाओं वाली फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' साल 2024 की सबसे बड़ी थिएटर हिट फिल्मों में से एक रही. अब डायरेक्टर नाग अश्विन ने इसके सीक्वल की शूटिंग के बारे में जानकारी दी है.

डायरेक्टर नाग अश्विन ने कन्फर्म किया है कि 'कल्कि 2898 एडी' के सीक्वल पर काम शुरू हो चुका है और अगले महीने से इसकी शूटिंग फिर से शुरू होगी. मीडिया से बात करते हुए नाग अश्विन ने कहा, ''कल्कि 2' की शूटिंग शुरू हो चुकी है. हम अगले महीने से लगातार शूटिंग करने और इसे तेजी से पूरा करने की तैयारी कर रहे हैं.'

अमिताभ बच्चन और कमल हासन ने 'कल्कि' के सीक्वल की शूटिंग शुरू कर दी है और अमिताभ ने अपने ब्लॉग पर सेट से कुछ तस्वीरें भी शेयर की थी. प्रभास अभी इन शेड्यूल में शामिल नहीं हुए हैं. नाग अश्विन अभी कमल हासन और बाकी कलाकारों वाले सीन शूट कर रहे हैं, जबकि प्रभास के आने वाले शेड्यूल में शामिल होने की उम्मीद है.

इस सीक्वल में प्रभास, अमिताभ बच्चन और कमल हासन की तिकड़ी फिर से नजर आएगी. फिल्म के जबरदस्त विजुअल इफेक्ट्स, मुश्किल एक्शन डिजाइन और बेहतरीन वर्ल्ड-बिल्डिंग को ओरिजिनल फिल्म के स्तर का बनाए रखने के लिए, मेकर्स एक लंबी टाइमलाइन तैयार कर रहे हैं. टीम का लक्ष्य अप्रैल 2027 तक मुख्य शूटिंग का एक बड़ा हिस्सा पूरा करना है, ताकि दिसंबर 2027 में फिल्म की भव्य थिएट्रिकल रिलीज से पहले पोस्ट-प्रोडक्शन के लंबे और डिटेल्ड काम के लिए काफी समय मिल सके.

दीपिका पादुकोण सीक्वल में नजर नहीं आएंगी. सितंबर 2025 में एक्स (पहले ट्विटर) हैंडल पर मेकर्स ने लिखा, 'हम आधिकारिक तौर पर यह अनाउंस कर रहे हैं कि दीपिका पादुकोण 'कल्कि 2898 एडी' के आने वाले सीक्वल का हिस्सा नहीं होंगी. सोच-समझकर हमने अलग होने का फैसला किया है. पहली फिल्म बनाने के लंबे सफर के बावजूद, हम साथ काम करने का सही तालमेल नहीं बिठा पाए. और कल्कि जैसी फिल्म को उस तरह के कमिटमेंट और उससे भी ज्यादा की जरूरत है. हम उनके भविष्य के कामों के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं.'

डायरेक्टर नाग अश्विन ने पहले एक पॉडकास्ट में इस बारे में बात की थी. उन्होंने बताया कि सीक्वल का दायरा पहली फिल्म से कहीं ज्यादा थी, इसलिए इसके लिए ज्यादा समय की जरूरत थी. अश्विन ने यह भी बताया कि मुख्य कलाकारों के शेड्यूल को मैनेज करना एक चुनौती थी और पहले से तय किए गए एक्शन सीन पहली फिल्म के सीन से काफी बड़े थे. उन्होंने कहा कि ऐसे प्रोजेक्ट के पोस्ट-प्रोडक्शन प्रोसेस में आम तौर पर फिल्म की शूटिंग से भी ज्यादा समय लगता है.