मोहाली-चंडीगढ़ में ED की ताबड़तोड़ रेड; बिल्डरों पर शिंकजा, दर्जन भर ठिकानों पर छापेमारी, बिल्डिंग से फेंके 500 के नोटों से भरे बैग
ED raid in Chandigarh-Mohali Dozen Locations Crackdown Builders
ED raid in Chandigarh-Mohali: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार सुबह मोहाली और चंडीगढ़ में दर्जन भर ठिकानों पर ताबड़तोड़ रेड की है. इन ठिकानों में कई नामी बिल्डरों के ठिकाने शामिल हैं। जिन पर केंद्रीय जांच एजेंसी द्वारा शिकंजा कसा गया है। छापेमारी की कार्रवाई में ED की कई अलग-अलग टीमें सक्रिय हैं। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों की भी तैनाती की गई है और सुरक्षा का कड़ा पहरा है। वहीं ED की रेड से पंजाब-चंडीगढ़ के रियल एस्टेट जगत में हड़कंप मच गया है।
अफरा-तफरी में 500 के नोटों से भरे बैग फेंके
बताया जा रहा है कि ED की छापेमारी की कार्रवाई के दौरान मोहाली की एक बिल्डिंग में ऐसी अफरा-तफरी मची की नौवीं मंज़िल से 500 के नोटों से भरे बैग नीचे फेंके गए। इस बीच 500 के नोट ऊपर से उड़ते हुए नीचे गिरते दिखाई दिए। जमीन पर पड़े हुए 500 के नोटों से भरे बैगों का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें देखा जा सकता है की पैसों से भरे 2 बैग जमीन पर पड़े हैं और आसपास 500 के नोटों की कुछ गड्डियां भी इधर-उधर बिखरी पड़ी हैं। साथ में लोगों की बातचीत भी वहां सुनाई दे रही है।
सामने आया वीडियो
बड़े पैमाने पर पैसों की धोखाधड़ी का मामला
रिपोर्ट्स के अनुसार, ED की यह कार्रवाई ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMADA) से CLU लाइसेंस हासिल करने में बड़े पैमाने पर की गई धोखाधड़ी और जनता को ठगकर सैकड़ों करोड़ रुपये जमा किए जाने के सिलसिले में की जा रही है। ED ने शिकायतें मिलने पर कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान अब ED संबन्धित ठिकानों पर सभी दस्तावेज़ और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड और अवैध लेन-देन खंगाल रही है।
फिलहाल ED की इस कार्रवाई से संबंधित जांच अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है, अधिक जानकारी के साथ खबर अपडेट की जाएगी...