अमेरिका से युद्ध के बीच ईरान में आया भूकंप; कई लोगों ने लिखा- कहीं ये ईरान का न्यूक्लियर टेस्ट तो नहीं? जानें रिक्टर स्केल पर तीव्रता
Earthquake in Iran During War With US-Israel News Update
Earthquake in Iran: इस समय मिडिल ईस्ट जंग का मैदान बना हुआ है। 'अमेरिका-इजरायल' और ईरान के बीच भीषण जंग चल रही है। आज इस जंग का चौथा दिन है। वहीं आज युद्ध के बीच ईरान में भूकंप के झटके लगे हैं। अल जज़ीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के गेराश में 4.3 तीव्रता का भूकंप आया। इधर ईरान में भूकंप की रिपोर्ट सामने आने पर सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे किसी और दिशा ले जाकर कुछ और ही संदेह जताया। कई लोगों ने लिखना शुरू कर दिया कि, ये भूकंप प्राकृतिक है या कुछ और... कहीं ये ईरान का न्यूक्लियर टेस्ट तो नहीं?
कहीं ये ईरान का न्यूक्लियर टेस्ट तो नहीं?
हालांकि ईरान में आए इस भूकंप को लेकर एक्सपर्ट्स ने साफ किया है कि 4.3 मैग्नीट्यूड का भूकंप न्यूक्लियर टेस्ट जैसा नहीं होता। ईरान का ये इलाका में भूकंप के लिए जाना जाता है, जहां साल में कई छोटे-मोटे झटके आते रहते हैं। बता दें कि ईरान ने हाल ही में दावा किया था कि 'अमेरिका-इजरायल' द्वारा ईरान में परमाणु प्रोग्राम साइटस पर हमले किए जा रहे हैं। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के राजदूत ने IAEA (इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी) में कहा था US, इज़राइल ने दूसरे दिन की जंग में ईरानी न्यूक्लियर फैसिलिटी पर हमला किया। वहीं IAEA ने भी बयान जारी करते हुए कहा था कि हम गंभीर नतीजों से इंकार नहीं कर सकते।
ट्रंप का दावा- जल्द परमाणु हथियार बना लेता ईरान
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार यह दावा कर रहे हैं और कह रहे हैं कि ईरान को परमाणु शक्ति बनने से रोकने के लिए यह हमला किया गया है। ट्रंप का कहना है कि ईरान का परमाणु शक्ति सम्पन्न होना पूरी दुनिया के लिए खतरा है और खासकर ईरान अमेरिका के लिए बड़ा खतरा बनता जा रहा था। ट्रंप ने हाल ही में यहां तक दावा किया था कि ईरान बहुत तेजी के साथ परमाणु बम बनाने में जुटा हुआ था, अगर हम हमला ना करते तो ईरान बहुत जल्द ही परमाणु हथियार बना लेता। वहीं ईरानी सुप्रीम लीडर अली खामेनेई को मारे जाने को लेकर ट्रंप ने कहा था कि वो बहुर क्रूर और दुनिया के लिए खतरनाक था इसलिए मार दिया।
जंग में अब तक 200 से ज्यादा लोगों की मौत
जंग में एक-दूसरे पर किए जा रहे भीषण हमले में ईरान-इजरायल में अब तक 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और 700 से अधिक लोग घायल हैं। अमेरिका-इजरायल ने ईरानी सुप्रीम लीडर खामेनेई को भी मार दिया है। साथ ही कई ईरानी शीर्ष कमांडर और नेता भी मारे गए हैं। वहीं इस जंग में अमेरिका के 4 सैनिक भी शहीद हुए हैं। बता दें कि जंग में जहां अमेरिका और इजरायल एकसाथ मिलकर ईरान पर लगातार हमले कर रहे हैं तो वहीं ईरान भी पूरी ताकत से जवाबी कार्रवाई करते देखा जा रहा है। ईरान ने इजरायल के साथ-साथ खाड़ी देशों को भी निशाना बनाया है और वहां मौजूद अमेरिकी ठिकानों के साथ-साथ वहां की सार्वजनिक रेजिडेंसियल इमारतों पर भी मिसाइल और ड्रोन दागे हैं। जिससे खाड़ी देशों का भी व्यापक नुकसान हुआ है।