ई-कॉमर्स रिफंड फ्रॉड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
E-commerce Refund Fraud Exposed; Two Accused Arrested
गाजियाबाद। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ई-कामर्स प्लेटफाॅर्म पर रिफंड के नाम पर फर्जीवाड़ा करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए हरियाणा के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
आरोपितों का साथी सामान खरीदकर उसे बिना लौटाए ही सिस्टम से छेड़छाड़ कर रिफंड लेता था। रिफंड में धनराशि लेने की बजाय कल्याण ज्वैलर्स के गिफ्ट वाउचर लेकर उन्हें कैश कराया करते थे।
बदले में आरोपित उन्हें 10 प्रतिशत धनराशि कमीशन के रूप में देता था। पुलिस का कहना है कि गिरोह के फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है।
सिस्टम हैक कर धोखाधड़ी से रिफंड ले लिया
एसीपी क्राइम अमित सक्सेना के मुताबिक रोहतक निवासी शर्वीन कुमार ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी कंपनी के गाजियाबाद स्थित वेयरहाउस से जुड़े ई-कामर्स प्लेटफार्म एएसएसपीएल पर अलग-अलग नाम, मोबाइल नंबर और पतों से आर्डर किए गए। सामान डिलीवर होने के बाद उन्हें वापस किए बिना ही सिस्टम हैक कर धोखाधड़ी से रिफंड ले लिया गया। जांच के दौरान पुलिस ने हरियाणा के भिवानी निवासी शुभम सोनी और हिमांशु मित्तल उर्फ मोनू मित्तल को कोतवाली क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
कल्याण ज्वैलर्स के गिफ्ट वाउचर में बदल देते
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे फतेहाबाद निवासी प्रेम झांगर के संपर्क में थे, जो इस तरह के आनलाइन फ्राड का मास्टरमाइंड है। गिरोह के सदस्य फर्जी आइडी बनाकर ई-कामर्स प्लेटफार्म एएसएसपीएल से सामान मंगाते, फिर सिस्टम में गड़बड़ी कर रिफंड हासिल कर लेते थे। रिफंड की रकम को कल्याण ज्वैलर्स के गिफ्ट वाउचर में बदलकर उसके एवज में स्टोर से सोना खरीद लिया जाता था।
पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके
पुलिस जांच में सामने आया है कि हिमांशु मित्तल ने करीब 67 लाख रुपये और शुभम सोनी ने करीब 15 लाख रुपये के वाउचर के बदले सोना हासिल किया। बदले में उन्हें करीब 10 प्रतिशत कमीशन मिलता था। पुलिस ने आरोपितों के पास से घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। फरार आरोपित प्रेम झांगर, दीपक उर्फ दीपू, निखिल और पुनीत की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल डेटा की जांच कर और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, जिससे इस साइबर फ्राॅड के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
एक आरोपित एकाउंटेंट, एक 12वीं पास
पूछताछ में पता चला कि पकड़ा गया आरोपित शुभम सोनी एलएलबी किए हुए है और भिवानी की एक फर्म में एकाउंटेंट है। जबकि उसका साथी इंटर किए हुए है। हिमांशु का जानकार प्रेम झांगर पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि प्रेम की गिरफ्तारी पर ही पता चलेगा कि वह किस तरह से कंपनी के नेटवर्क में सेंधमारी कर बिना उत्पाद लौटाए रिफंड प्रोसेस पूरा कर रहा था।