डॉ. मोहन भागवत ने खेल और व्यापार जगत की प्रमुख हस्तियों से की भेंट
Dr. Mohan Bhagwat met prominent
-
डॉ. मोहन भागवत खेल व व्यापार जगत की हस्तियों से मिले।
-
शनिवार को प्रबुद्धजनों से छह घंटे का संवाद सत्र होगा।
मेरठ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संघ की ओर से अलग-अलग राज्यों में संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, इसी क्रम में मेरठ व ब्रज प्रांत का कार्यक्रम शुक्रवार को माधवकुंज में शुरू हो गया। शनिवार को भी यह कार्यक्रम होगा। संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत गुरुवार रात नौ बजे मेरठ पहुंच गए थे।
उधर, विशिष्ट लोगों के साथ दोनों दिन डा. भागवत जलपान करेंगे। शुक्रवार सुबह उन्होंने एसजी स्पोर्ट्स के वाइस चेयरमैन त्रिलोक आनंद, खेल उत्पाद एवं खिलौना निर्यात संवर्धन परिषद के चेयरमैन सुमनेश अग्रवाल, वाइस चेयरमैन अंबर आनंद, बीडीएम के प्रबंध निदेशक राकेश महाजन, भल्ला इंटरनेशनल के निदेशक आशुतोष भल्ला, अर्जुन अवार्डी पहलवान अलका तोमर आदि के साथ जलपान किया और चर्चा की।
बीडीएम के प्रबंध निदेशक राकेश महाजन ने बताया कि डा. मोहन भागवत ने मेरठ के खेल सामानों की प्रशंसा की। कहा कि हर उत्पाद में ऐसी गुणवत्ता रखें कि ओलिंपिक और सभी अंतरराष्ट्रीय स्तरों पर यह और अधिक छा जाएं।
उधर दूसरे दिन डॉ. मोहन भागवत का समाज के प्रबुद्ध लोगों के साथ संवाद होगा। इसमें मंच पर डॉ. भागवत के साथ क्षेत्र संघचालक सूर्य प्रकाश टोंक और क्षेत्र कार्यवाह प्रमोद कुमार मंच साझा करेंगे। यह कार्यक्रम छह घंटे तक चलेगा, जिसकी शुरुआत दोपहर 12 बजे से हो जाएगी। प्रथम सत्र में सरसंघचालक का संबोधन होगा।
टीब्रेक में लोगों से उन प्रश्नों का संकलन किया जाएगा जो डॉ. मोहन भागवत से पूछने वाले होंगे। सभी प्रश्नों को पढ़ने व समान प्रश्नों को समाहित करने के बाद सरसंघचालक को दिया जाएगा।
इसके बाद प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन होगा। कार्यक्रम का समापन शाम पांच या छह बजे तक होगा। खिलाड़ियों वे सत्र यानी प्रथम दिन लगभग 500 लोगों की उपस्थिति का लक्ष्य रखा गया है। दूसरे दिन प्रमुख स्कूलों के चेयरमैन, पुरस्कार प्राप्त प्रधानाचार्य, जाने-माने चिकित्सक, उद्यमी, सभी औद्योगिक क्लस्टर के प्रमुख लोग, कवि, साहित्यकार, कला क्षेत्र के प्रतिनिधि, व्यापार व औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी, जातिगत संगठनों के पदाधिकारी आदि रहेंगे। दूसरे दिन के लिए एक हजार लोगों को आमंत्रण दिया जा रहा है, जिसमें से लगभग 700 से अधिक लोग उपस्थित रह सकते हैं।
जिनके पास प्रवेशिका, उनका होगा प्रवेश
इस कार्यक्रम में वही लोग प्रवेश प्राप्त कर सकेंगे जिन्हें आमंत्रित किया गया है। संबंधित लोगों के पास संघ मुख्यालय से जारी की गई प्रवेशिका की जांच करके ही प्रवेश दिया जाएगा.