अमरोहा में विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों पर सख्त दिखे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक
Deputy CM Brajesh Pathak was seen strict with the officials
अमरोहा। ढोलक का सालाना कारोबार कितना होता है। जिस पर उपायुक्त उद्योग अनूप श्रीवास्तव ने जवाब दिया कि 250 करोड़। इस पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि इसको बढ़ाने का काम किया जाए। ढोलक कैसे बनती है, इसका उत्तर उपायुक्त नहीं दे पाए। जिस पर उन्होंने कहा कि एक बार किसी कारखाने में जाकर ढोलक बनाने की प्रक्रिया अवश्य देखिए...।
डिप्टी सीएम द्वारा किए गए सवालों और अधिकारियों द्वारा दिए जा रहे जवाबों का यह सिलसिला सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित विकास कार्यों और विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक के दौरान चला।
सुबह दस बजे उप मुख्यमंत्री कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां पर गार्द की सलामी के बाद सीधे गांधी सभागार में बैठक लेने के लिए पहुंच गए। पहले एक-एक कर अधिकारियों को परिचय प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेना शुरू कर दिया।
सीएमओ डाॅ. योगेंद्र से संस्थागत प्रसव, अस्पतालों में स्टाफ व टीकाकरण की स्थिति आदि के बारे में पूछताछ की। संस्थागत प्रसव कम होने पर नाराजगी जताई।
साथ ही कहा कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करानी है। सरकार की प्राथमिकता भी यही है। इसलिए प्राइवेट चिकित्सकों को भी सेवाएं बेहतर बनाने के लिए रखा जाए। यह व्यवस्था सीएचसी पर ही नहीं बल्कि संयुक्त चिकित्सालय में भी की जाए।
इसके बाद उन्होंने एक्सईएन जल निगम चंद्रहास से जनपद में चल रही हर घर जल, हर घर नल योजना के बारे में पूछा। उनके असंतोषजनक जवाबों पर डिप्टी सीएम ने कहा कि बैठक में पूरी स्थिति साफ होनी चाहिए। सरकार प्रत्येक पंचायत के लोगों को शुद्ध पानी की व्यवस्था कर रही है। इसलिए निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए। लोगों के अधिक से अधिक कनेक्शन किए जाएं। पानी की बेहतर सप्लाई होनी चाहिए। कामों की निगरानी जरूर की जाए।
अधीक्षण अभियंता बिजली से कहा कि गर्मी बढ़ रही है। इसलिए बिजली आपूर्ति व्यवस्था काे मजबूत बनाए रखना बेहद जरूरी है। यदि कोई ट्रांसफार्मर फुंकता है तो उसको 24 घंटे के अंदर बदल दिया जाए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही अधिकारी न बरतें। बेवजह कटौती नहीं होनी चाहिए।
अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की प्राथमिकता है कि अंतिम व्यक्ति तक जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। इसलिए उनका प्रचार-प्रसार किया जाए। अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जाए।
बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री केपी मलिक, शिक्षक विधायक डाॅ. हरि सिंह ढिल्लो, जिला पंचायत अध्यक्ष ललित तंवर, हसनपुर विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी, धनौरा विधायक राजीव तरारा, पूर्व विधायक संगीता चौहान के अलावा डीएम डाॅ. नितिन गौड़, एसपी लखन सिंह यादव, सीडीओ एके मिश्र, एडीएम वित्त गरिमा सिंह, एडीएम न्यायिक धीरेंद्र प्रताप सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।