1 अगस्त से दिल्ली में 'पिंक सहेली' स्मार्ट कार्ड के बिना महिलाओं को नहीं मिलेगी मुफ्त बस यात्रा
- By Gaurav --
- Friday, 10 Jul, 2026
Delhi Women to Need 'Pink Saheli
नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। 1 अगस्त 2026 से राजधानी में महिलाओं को दिल्ली परिवहन निगम (DTC) और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ केवल 'पिंक सहेली' स्मार्ट कार्ड के माध्यम से ही मिलेगा। जिन महिलाओं के पास यह कार्ड नहीं होगा, उन्हें बस का निर्धारित किराया देना होगा।
दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने बताया कि 1 अगस्त से बसों में कागजी पिंक टिकट की व्यवस्था चरणबद्ध तरीके से समाप्त कर दी जाएगी। इसके स्थान पर केवल वैध 'पिंक सहेली' स्मार्ट कार्ड धारक महिला यात्रियों को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। बस में चढ़ते समय यात्रियों को अपना स्मार्ट कार्ड टैप करना अनिवार्य होगा।
DTC ने महिलाओं को कार्ड बनवाने के लिए जागरूक करने हेतु विशेष अभियान भी शुरू किया है। निगम के अनुसार, जिन महिला यात्रियों के पास 1 अगस्त के बाद पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड नहीं होगा, उन्हें मुफ्त टिकट जारी नहीं किया जाएगा और उन्हें सामान्य यात्री की तरह किराया देकर टिकट लेना होगा।
दिल्ली सरकार ने कार्ड जारी करने के लिए राजधानी में 50 अधिकृत केंद्र स्थापित किए हैं। पात्र महिलाएं परिवहन विभाग और DTC द्वारा निर्धारित केंद्रों से पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड प्राप्त कर सकती हैं। अब तक करीब 11 लाख कार्ड जारी किए जा चुके हैं और सरकार का लक्ष्य जुलाई के अंत तक यह संख्या बढ़ाकर 13 लाख तक पहुंचाना है।