फर्जी आईफोन निर्यात मामले में संजीव अरोड़ा के खिलाफ ईडी ने दाखिल की चार्जशीट, 103 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप

1000258633

ED files chargesheet against Sanjeev Arora in fake iPhone

बादशाहपुर (गुरुग्राम)। ED files chargesheet against Sanjeev Arora in fake iPhone, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के नेता संजीव अरोड़ा के विरुद्ध फर्जी आईफोन निर्यात एवं मनी लॉन्ड्रिंग मामले में विशेष पीएमएलए अदालत में चार्जशीट दाखिल की है।

अरोड़ा को पूरे नेटवर्क का मुख्य साजिशकर्ता बताते हुए आरोप लगाया है कि फर्जी खरीद बिल, निर्यात दस्तावेज और शेल कंपनियों के माध्यम से करीब 103 करोड़ रुपये के अवैध धन को वैध बनाने का प्रयास किया गया।

ईडी के अनुसार, जांच में सामने आया कि मोबाइल फोन, विशेषकर आईफोन, का दुबई को निर्यात केवल कागजों में दिखाया गया। इसके लिए फर्जी खरीद बिल और निर्यात संबंधी दस्तावेज तैयार किए गए।

इस फर्जीवाड़े के जरिए निर्यात आधारित वित्तीय लाभ लेने के साथ-साथ अवैध धन के स्रोत को छिपाने की कोशिश की गई। जांच में करीब 44 हजार मोबाइल फोन के फर्जी निर्यात का भी उल्लेख किया गया है।

कई कंपनियों और व्यक्तियों का इस्तेमाल

ईडी का दावा है कि इस पूरे नेटवर्क में कई कंपनियों और व्यक्तियों का इस्तेमाल किया गया। शेल कंपनियों के जरिए धन का लेनदेन कर उसे वैध कारोबारी आय के रूप में दर्शाने का प्रयास किया गया। मामले की जांच धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की जा रही है।

9 मई को ईडी ने किया था गिरफ्तार 

इससे पहले ईडी इस मामले में कई स्थानों पर छापामारी कर दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन से जुड़े साक्ष्य जुटा चुकी है। ईडी ने संजीव अरोड़ा को 9 मई को उनके आवास से गिरफ्तार किया था। उसके बाद अदालत में पेश कर 7 दिन का रिमांड लिया गया था।

18 मई को संजीव अरोड़ा ने अधिवक्ता के माध्यम से अदालत में जमानत याचिका दायर की। अदालत ने दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद जमानत याचिका खारिज कर दी थी।