दिल्ली में 11 मई से गर्मियों की छुट्टियां, 9वीं-12वीं के लिए लगेंगी रेमेडियल क्लासेस
- By Gaurav --
- Saturday, 09 May, 2026
Delhi Schools to Remain Closed
दिल्ली सरकार ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए सरकारी स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियों का ऐलान कर दिया है। शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी आधिकारिक नोटिफिकेशन के अनुसार, स्कूलों में 11 मई से 30 जून 2026 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। इस दौरान छात्रों को स्कूल नहीं आना होगा और वे छुट्टियों का आनंद ले सकेंगे।
हालांकि, 9वीं, 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए रेमेडियल क्लासेस आयोजित की जाएंगी। इन कक्षाओं का उद्देश्य कमजोर विषयों में छात्रों की मदद करना, जरूरी पाठों की पुनरावृत्ति कराना और शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार लाना है।
शिक्षा विभाग के अनुसार, रेमेडियल क्लासेस 11 मई से 23 मई तक चलेंगी। ये कक्षाएं स्कूलों में उपलब्ध संसाधनों और शिक्षकों की उपलब्धता के आधार पर संचालित की जाएंगी। क्लासेस का समय सुबह 7:30 बजे से 10:30 बजे तक निर्धारित किया गया है, जबकि शिक्षकों को सुबह 7:20 बजे से 11 बजे तक स्कूल में उपस्थित रहना होगा। प्रत्येक दिन तीन पीरियड होंगे और हर पीरियड एक घंटे का होगा।
9वीं और 10वीं के छात्रों के लिए विशेष रूप से साइंस और मैथ्स विषय पर फोकस किया जाएगा। जरूरत के अनुसार स्कूल अन्य विषय भी शामिल कर सकेंगे। वहीं 12वीं के छात्रों के लिए विषयों का चयन उनकी शैक्षणिक आवश्यकता के अनुसार किया जाएगा।
स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि छुट्टियां शुरू होने से पहले रेमेडियल क्लासेस का टाइम-टेबल तैयार कर शिक्षा विभाग को भेजें और इसकी जानकारी छात्रों व अभिभावकों को पहले से उपलब्ध कराएं। इन कक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों के लिए स्कूल यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य होगा और अभिभावकों की अनुमति भी जरूरी होगी।
इसके अलावा छात्रों की उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। स्कूलों की लाइब्रेरी भी खुली रहेंगी ताकि छात्र पढ़ाई कर सकें और किताबें प्राप्त कर सकें। स्कूल प्रशासन को साफ पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।