Delhi Sakshi Murder: वो शैतान बना तो पब्लिक 'मुर्दा' बन गई... दिल्ली में 16 साल की लड़की पर चाकू के 20 से ज्यादा वार, पत्थरों से कुचला

इससे भयानक कुछ नहीं! वो शैतान बना तो पब्लिक 'मुर्दा' बन गई... दिल्ली में 16 साल की लड़की पर चाकू के 20 से ज्यादा वार, फिर आखिरी सांस तक पत्थरों से कुचला

Delhi Sakshi Murder Stabbed More Than 20 Times

Delhi Sakshi Murder Stabbed More Than 20 Times

Delhi Girl Murder in Shahbad Dairy: कहते हैं कि जमाना बदल रहा है लेकिन अगर बदलते जमाने के साथ हमारी मानसिकता खून-खराबे में बदल रही है तो हमें ये बदलता जमाना नहीं चाहिए। देश की राजधानी दिल्ली में रविवार की रात जो भी हुआ है। उस घटना को लिखते हुए अंदर से दिल तो दहल ही रहा है साथ ही हाथ भी कांप रहे हैं। बार-बार मन में सवाल आ रहा है कि आखिर कोई इंसान कैसे इतना बड़ा शैतान बन सकता है। क्या बीत रही होगी उस 16 साल की लड़की पर। भगवान ही जाने। शायद इस घटना को देख आज मौत खुद भी खौफ में होगी। इससे भयानक और कुछ नहीं है।

दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके की है घटना

बतादें कि, दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में रविवार रात नौ बजे के करीब 16 साल की एक लड़की की बड़ी बेरहमी के साथ हत्या कर दी गई। साहिल नाम के एक 20 साल के युवक ने लड़की पर चाकू के 20 से ज्यादा वार किए। लड़की तड़पती रही। जब तक हाथ पैर-चले तब तक खुद को बचाने का प्रयास किया। लेकिन चाकू से वारों के सामने लड़की कुछ ही पलों में असहाय हो गई। वहीं आरोपी साहिल लड़की पर लगातार चाकू से वार करता रहा। शैतान साहिल ने लड़की पर चाकू के 20 से ज्यादा वार किए। इसके बाद में जब चाकू से मारकर मन नहीं भरा तो उसने लड़की पर जोरों की लातें चलाईं। इतना ही नहीं लातें चलाने के बाद साहिल ने लड़की को कई बार पत्थरों से कुचला। उसके मुंह पर पत्थरों को पटका। इसके बाद वह वहां से भाग गया। बतादें कि, घटना का शिकार हुई बदनसीब नाबालिग लड़की का नाम साक्षी है।

साहिल शैतान बना तो पब्लिक 'मुर्दा' बन गई

इस पूरी घटना में बेहद हैरानी और शर्म की बात यह है कि, जब शैतान साहिल लड़की की हत्या कर रहा था तो आसपास पब्लिक भी मौजूद थी। महिलाएं भी थीं और पुरुष भी। लेकिन सब तमाशा देखते रहे। आते-जाते रहे। पर मजाल है कि किसी ने शैतान साहिल को रोककर लड़की को बचाने की कोशिश की हो। लोग अगर कोशिश कर लेते तो आज शायद लड़की ज़िंदा होती। पर लोगों की तो इंसानियत मर चुकी है। वह मुर्दा हो चुके हैं? वह भला कैसे लड़की को बचा पाते... ऐसे लोग जब मिलें तो इन्हें मुर्दा कहिएगा। सवाल है कि अगर इनकी अपनी बेटी या बहन होती तो भी क्या ये ऐसा ही करते? कहते हैं कि, महिलाओं में मां का दिल होता है। लेकिन घटना के पास महिलाएं गुजरती रहीं? कहां गई उनकी ममता? उनका भी दिल क्यों नहीं पसीजा।

वीडियो सामने आया है, देखेंगे तो कलेजा मुंह को आ जाएगा

बतादें कि, दिल्ली की दहला देने वाली इस पूरी घटना का वीडियो सामने आया है। जिसे देखकर आप सिहर उठेंगे। कलेजा मुंह को आ जाएगा। वीडियो आपको विचलित कर सकता है लेकिन देखिएगा जरूर। क्योंकि पता तो चले कि नए एडवांस जमाने में लोग कितने बदतर होते जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर चमकने की होड़ में लगे लोग अब कैसे हो गए हैं? कैसे सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाली पीढ़ी किसी के दर्द को महसूस करना भूल चुकी है।

वीडियो (सलाह- विचलित हो सकते हैं आप)


 

शैतान साहिल UP के बुलंदशहर से गिरफ़्तार

फिलहाल, 16 साल की लड़की के हत्यारे शैतान साहिल को गिरफ्तार कर लिया गया है। साहिल UP के बुलंदशहर से गिरफ़्तार हुआ है। दिल्ली पुलिस के स्पेशल CP दीपेंद्र पाठक ने बताया कि, आरोपी को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ़्तार किया गया है। हम सभी साक्ष्यों को एकत्रित कर कोर्ट में पेश कर आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की कोशिश करेंगे।

गिरफ्तारी के बाद शैतान साहिल की तस्वीर, अकड़ में दिख रहा

गिरफ्तारी के बाद शैतान साहिल की तस्वीर सामने आई है। तस्वीर में साहिल कुछ ऐसे अकड़ में दिख रहा है जैसे कोई बहुत बड़ा काम करके आया हो। उसके आव-भाव से तनिक भी ऐसा नहीं लग रहा कि उसे अपने किए पर कोई पछतावा है या आगे सजा के लिए कोई डर है...

Delhi Girl Murder Accused Sahil Arrested
Delhi Girl Murder Accused Sahil Arrested

लड़की और आरोपी साहिल में जान-पहचान थी

बताया जा रहा है कि, लड़की और आरोपी साहिल एक दूसरे को पहले से जानते थे लेकिन कबसे जानते थे। इसकी जानकारी नहीं है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि, ये जांच का विषय है। अभी हमारे पास अभी ज़्यादा जानकारी नहीं आई है। पुलिस ने बताया कि, अब तक की जांच के अनुसार झगड़ा और कहासुनी के बाद आरोपी साहिल ने लड़की की हत्या कर डाली। साहिल AC रिपेयरिंग का काम करता है। साहिल से आगे की पूछताक्ष की जा रही है.

दिल्ली के CM केजरीवाल बोले- अपराधी बेखौफ हो गए हैं

घटना को लेकर दिल्ली के सीएम CM अरविन्द केजरीवाल का बयान सामने आया है। केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए कहा है कि दिल्ली में खुलेआम एक नाबालिग बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी जाती है। ये बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। अपराधी बेख़ौफ़ हो गए हैं, पुलिस का कोई डर ही नहीं है। , LG साहब, क़ानून व्यवस्था आपकी ज़िम्मेदारी है, कुछ कीजिए। दिल्ली के लोगों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है।

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा- मैं डर गई हूं

इधर, दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने इस घटना से डरने की बात कही है। स्वाति मालीवाल ने कहा कि,  मैंने अपने इतने सालों के करियर में इससे ज़्यादा डराने वाला और भयानक कुछ नहीं देखा। एक नाबालिग मासूम गुड़िया को चाकू गोद-गोदकर मारा गया और उसके बाद पत्थर से उसे कुचल दिया गया। दिल्ली महिलाओं और बच्चियों के लिए बहुत ही असुरक्षित और असंवेदनशील है।...जिस दिन इस देश की पुलिस व्यवस्था सुधर जाएगी उस दिन किसी की हिम्मत नहीं होगी कि किसी भी महिला या बच्ची के खिलाफ कुछ भी कर जाए, आज जो हो रहा है वे पूरी तरह से कानून व्यवस्था की असफलता को दर्शाता है। हम पुलिस को नोटिस जारी कर रहे हैं। सब हदें पार हो गई हैं.