विवेक विहार में भीषण आग से 9 की मौत, सीएम रेखा गुप्ता ने जताया दुख
- By Gaurav --
- Sunday, 03 May, 2026
Dead in Vivek Vihar Fire
पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में एक चार मंजिला इमारत में लगी भीषण आग में एक मासूम बच्चे समेत 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। रविवार तड़के हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
रेखा गुप्ता ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर कहा कि यह हादसा अत्यंत दुखद है और इसने उन्हें गहराई से व्यथित किया है। मुख्यमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
सीएम ने आश्वासन दिया कि दिल्ली सरकार की ओर से प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है और इस कठिन समय में सरकार उनके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, राहत और बचाव कार्यों के लिए Delhi Disaster Management Authority, Delhi Fire Service और Delhi Police की टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ मौके पर जुटी रहीं।
हादसे के समय स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे। भाजपा विधायक संजय गोयल, पार्षद पंकज लूथरा और प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने घटनास्थल का दौरा कर राहत कार्यों का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वह स्थिति की लगातार निगरानी कर रही हैं और प्रशासन को हर संभव सहायता व तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।