सड़क सुरक्षा पर डीसी उत्तम सिंह सख्त, एनएचएआई को नोटिस के निर्देश; 62 हजार से ज्यादा चालान
- By Gaurav --
- Tuesday, 28 Apr, 2026
DC Uttam Singh Cracks
Uttam Singh ने जिला सड़क सुरक्षा समिति और सुरक्षित स्कूल वाहन नीति को लेकर लघु सचिवालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर त्वरित सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।
बैठक में National Highways Authority of India (एनएचएआई) के अधीन सड़कों की खराब स्थिति पर गंभीर चिंता जताई गई। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गड्ढों और सर्विस रोड की समस्याओं को लेकर एनएचएआई को निर्धारित प्रावधानों के तहत नोटिस जारी किया जाए और 15 दिनों की समय-सीमा तय की जाए। समय पर कार्य पूरा न होने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि निर्माणाधीन स्थानों पर सर्विस रोड को दुरुस्त रखा जाए और धूल से बचाव के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाए, ताकि आमजन को परेशानी न हो।
बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार 24 फरवरी से 19 मार्च 2026 के बीच कुल 62,656 ट्रैफिक चालान किए गए। इनमें बिना हेलमेट के 10,001, पिलियन राइडर बिना हेलमेट के 9,820, गलत पार्किंग के 7,179 और गलत दिशा में वाहन चलाने के 6,018 मामले प्रमुख रहे।
इसके अलावा सीट बेल्ट न लगाने के 3,508, लेन बदलने के 2,586, ओवरस्पीड के 1,624 और शराब पीकर वाहन चलाने के 1,533 मामलों में चालान किए गए। प्रदूषण प्रमाण पत्र, नो एंट्री उल्लंघन और मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाने के मामलों में भी कार्रवाई की गई।
ट्रैफिक पुलिस ने इस अवधि में 1,439 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की सिफारिश भी की है, जिससे सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति सख्ती का स्पष्ट संदेश दिया गया है।