मथुरा से बड़ी खबर- गोरक्षक फरसा वाले बाबा की हत्या: हाईवे पर बवाल और जाम
Cow Vigilante 'Farsa Wale Baba' Murdered
गोरक्षक फरसा वाले बाबा की हत्या का आरोप
गोतस्करों का पीछा करते समय गाड़ी से कुचला
नाराज गोरक्षकों ने हाईवे पर जाम लगाया
मथुरा: Cow Vigilante 'Farsa Wale Baba' Murdered, उत्तर प्रदेश के मथुरा में शुक्रवार रात मशहूर गोसेवक चंद्रशेखर पर गोतस्करों ने गाड़ी चढ़ा दी। इससे उनकी मौके पर मौत हो गई। वह पूरे इलाके में फरसे वाले बाबा के नाम से जाने जाते थे। इस घटना के बाद लोगों में गुस्सा भड़क उठा। आगरा-दिल्ली हाइवे जामकर लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। पूरे इलाके में तनाव फैल गया है। मौके पर भारी पुलिसफोर्स तैनात है।
यह घटना कोसीकलां थानाक्षेत्र के नवीपुर में हुई है। बताया जा रहा है कि फरसे वाले बाबा को खबर मिली कि इलाके में कुछ गोतस्कर सक्रिय हैं। वह रात में अपनी टीम के साथ तस्करों का पीछा कर रहे थे। आरोप है कि नवीपुर के पास गोतस्करों ने बाबा के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी और कुचलकर मार डाला। बाबा की हत्या की खबर फैलते ही गोसेवकों और हिंदूवादी संगठनों में भारी रोष व्याप्त हो गया। स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर शांति व्यवस्था बनाने का प्रयास कर रहा है।
बाइक से कंटेनर का पीछा कर रहे थे बाबा
इस घटना से नाराज गोरक्षक शव लेकर छाता कट के पास पहुंचे और हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी उनको समझाने का प्रयास कर रहे हैं। घटना के दौरान लोगों ने एक गोतस्कर को पकड़ लिया जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है। फरसे वाले बाबा अपनी टीम के साथ बाइक से कंटेनर का पीछा कर रहे थे। इसी दौरान गोतस्करों ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
निडर स्वभाव के लिए मशहूर थे फरसे वाले बाबा
फरसे वाले बाबा का पार्थिव शरीर उनके गांव अंजनोख स्थित बाबा की गोशाला पहुंचा जहां हजारों की संख्या में लोग जमा हैं। बाबा अपने निडर स्वभाव की वजह से और गोवंश की रक्षा करने के लिए पूरे मथुरा और वृंदावन में जाने जाते थे।