पूछ एआई कंपनी के 25 हजार करोड़ रुपये के एमओयू पर विवाद
Controversy over ₹25,000 Crore
लखनऊ। पूछ एआइ स्टार्टअप कंपनी ने 25 हजार करोड़ रुपये के एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर विवाद के बाद अभी तक इन्वेस्ट यूपी को संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए हैं। एमओयू निरस्त करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरन आनंद का कहना है कि गुरुवार तक दस्तावेज उपलब्ध कराने का समय कंपनी को दिया गया है। इसके बाद एमओयू निरस्त किया जाएगा। वहीं, इस मामले में विपक्ष ने एक बार फिर सरकार को घेरा है।
बेंगलुरु की पूछ एआइ कंपनी ने उत्तर प्रदेश में एआइ पार्कों को स्थापित करने के लिए सरकार के साथ 25 हजार करोड़ रुपये के निवेश का एमओयू करने के लिए पिछले शुक्रवार को प्रस्ताव भेजा था।
इतने बड़े निवेश का प्रस्ताव देखने के बाद इन्वेस्ट यूपी के अधिकारियों ने कंपनी की पड़ताल किए बिना ही बीते सोमवार को कंपनी के संस्थापक सिद्धार्थ भाटिया के साथ 25 हजार करोड़ रुपये का एमओयू हस्ताक्षरित किया था।
मुख्यमंत्री योगी से भी उनकी मुलाकात कराई गई थी। इस मुलाकात की फोटो एक्स पर शेयर किए जाने के बाद लोगों ने कंपनी की आर्थिक स्थिति की जानकारी एकत्र की थी तो पता चला कि कंपनी का टर्नओवर केवल 42.9 लाख रुपये है। इसे लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोला है।