धर्मपुर में सड़क धंसने पर बढ़ा विवाद, मंत्री पुत्र और अधिकारी में तीखी नोकझोंक

धर्मपुर में सड़क धंसने पर बढ़ा विवाद, मंत्री पुत्र और अधिकारी में तीखी नोकझोंक

Controversy Escalates in Dharampur Over Road Collapse

Controversy Escalates in Dharampur Over Road Collapse

मंडी। Controversy Escalates in Dharampur Over Road Collapse, हिमाचल प्रदेश में जिला मंडी के धर्मपुर में पूर्व मंत्री के बेटे और लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन के बीच बहस हो गई। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कैंची मोड़ के पास धंसी सड़क की समस्या को लेकर लोगों ने लोक निर्माण विभाग मंडल धर्मपुर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के पुत्र एवं प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य रजत ठाकुर ने किया।

रजत ठाकुर प्रदर्शन के बाद एक्सईएन के कार्यालय में पहुंचे। इस दौरान मंत्री पुत्र ने अधिकारी को खरी-खरी सुना दी। उन्होंने कहा कि आप एसी कमरे में आराम से बैठे हैं, सड़कों की हालत देखें। यह आपका दफ्तर नहीं है, सरकारी कार्यालय है। क्या आप एक बार भी मौके पर गए। कुर्सी तोड़ने से कुछ नहीं होगा, आप यंग अफसर हैं, मौके पर जाते कार्रवाई करते। लेकिन आपने कुछ नहीं किया।

सरकाघाट-धर्मपुर मार्ग पर आवाजाही प्रभावित

धरने के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोक निर्माण विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क की जल्द बहाली की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सरकाघाट-धर्मपुर मार्ग पर कैंची मोड़ के पास सड़क धंसने के कारण क्षेत्र की जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन विभाग की ओर से अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।

धर्मपुर की सड़कों की हालत खस्ता

रजत ठाकुर ने कहा कि धर्मपुर क्षेत्र में सड़कों की हालत लगातार खराब होती जा रही है और संबंधित विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लापरवाही के कारण ही यह स्थिति पैदा हुई है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द सड़क को बहाल नहीं किया गया तो भाजपा स्थानीय जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी, जिसमें धरना-प्रदर्शन के साथ-साथ चक्का जाम भी शामिल होगा।

डंगे गिराने वाले व्यक्ति पर कार्रवाई करें

उन्होंने यह भी मांग उठाई कि सड़क के डंगे (सपोर्टिंग वॉल) को गिराने वाले जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। धरने में मौजूद स्थानीय लोगों ने भी अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि सड़क बंद होने से दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। स्कूली बच्चों, मरीजों और आम यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सड़क बहाली का कार्य शुरू कर दिया है और स्थिति को सामान्य करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।