"कांग्रेस का मानसिक दिवालियापन": खरगे के बयान पर यूपी सरकार का कड़ा प्रहार; सीएम योगी ने कहा- "अक्षम्य है यह टिप्पणी"

"कांग्रेस का मानसिक दिवालियापन": खरगे के बयान पर यूपी सरकार का कड़ा प्रहार; सीएम योगी ने कहा- "अक्षम्य है यह टिप्पणी"

"Congress's Intellectual Bankruptcy"

लखनऊ। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर दिए गए कथित बयान पर मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने इंटरनेट मीडिया एक्स पर लिखा...देश के लोकप्रिय, लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की असंसदीय टिप्पणी अक्षम्य, अति निंदनीय और भारतीय लोकतंत्र की मर्यादाओं का घोर अपमान करने वाली है।

यह बयान कांग्रेस की हताशा, निराशा, मानसिक दिवालियापन और गिरती हुई राजनीतिक संस्कृति का स्पष्ट परिचायक है। मुद्दाविहीन, जनाधार-विहीन और नीतिविहीन, कुंठित कांग्रेस को समझ लेना चाहिए कि इस आपत्तिजनक टिप्पणी ने उनकी मृत ''साख'' को भी रसातल में पहुंचा दिया है। उनके प्रति इस प्रकार की टिप्पणी 145 करोड़ देशवासियों का भी अपमान है।

कांग्रेस पार्टी को अपने इस अशोभनीय कृत्य के लिए देश और प्रधानमंत्री से सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगनी चाहिए।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहने पर कड़े शब्दों में निंदा की है।

उन्होंने कहा कि यह शब्द उन्हें नहीं कहे गए बल्कि देश की 145 करोड़ जनता को कहे गए हैं। कांग्रेस को अपने इतिहास के उन काले पन्नों को देखना चाहिए, जिनमें पाकिस्तान के प्रति नरमी, तुष्टिकरण और संदिग्ध राजनीतिक सहानुभूति दर्ज है।

यह बयान केवल राजनीतिक मर्यादा का उल्लंघन नहीं, बल्कि देश की जनता, सेना और राष्ट्रभावना का भी अपमान है। पाकिस्तान परस्त सोच या उसकी छाया बन चुके राजनीतिक बयानों को कभी स्वीकार नहीं करेगी। भारत अब झुकने वाला नहीं, जवाब देने वाला भारत है और यही कांग्रेस की सबसे बड़ी बेचैनी है।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि यह कांग्रेस की गिरती हुई राजनीति और उनके नेताओं की नकारात्मक विचारधारा की पराकाष्ठा है। यह टिप्पणी प्रधानमंत्री पर नहीं बल्कि जनादेश के माध्यम से अपने प्रिय प्रधानमंत्री को चुनने वाले हमारे देश के करोड़ों नागरिकों का भी अनादर है।

नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर जब देश की नारी शक्ति उनसे जवाब मांग रही है, तब इस तरह का बयान कांग्रेस के नेताओं की ओछी मानसिकता को दर्शाता है। ऐसे बयान के लिए कांग्रेस को देश से माफी मांगनी चाहिए।