भाजपा में विज की अनदेखी को कांग्रेस ने बनाया मुद्दा

भाजपा में विज की अनदेखी को कांग्रेस ने बनाया मुद्दा

Lok Sabha Election 2024

Lok Sabha Election 2024

ट्वीट कर लिखा आपकी हैसियत बड़ी, पार्टी न समझे तो क्या करें

चंडीगढ़। Lok Sabha Election 2024: हरियाणा में सत्ता परिवर्तन के बाद से अलग चल रहे पूर्व गृहमंत्री अनिल विज की नाराजगी को विपक्षी दल कांग्रेस ने मुद्दा बना लिया है। अनिल विज द्वारा खुद की राजनैतिक हैसियत के संबंध में दिए गए बयान के बाद कांग्रेस ने आज फिर से पटलवार करते हुए कहा कि अगर आपकी पार्टी ने आपकी हैसियत को नहीं समझा तो क्या किया जा सकता है।

हरियाणा में 12 मार्च को मुख्यमंत्री मनोहर लाल के इस्तीफे और नायब सैनी के मुख्यमंत्री बनने के बाद से अनिल विज नाराज चल रहे हैं। वह अंबाला छावनी से बाहर होने वाले किसी भी कार्यक्रम अथवा बैठकों में भाग नहीं ले रहे हैं। विज को इस बात का मलाल है कि छह बार का विधायक होने के बावजूद मुख्यमंत्री को बदलते समय उन्हें बताया भी नहीं गया।

विज की भाजपा से नाराजगी को कांग्रेस लगातार मुद्दा बना रही है। दो दिन पहले अनिल विज ने प्रदेश स्तरीय राजनीतिक मामलों पर किसी प्रकार की टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा था कि पार्टी ने उन्हें उनकी हैसियत बता दी है। वह छह बार के विधायक हैं लेकिन पार्टी के बहुत छोटे से कार्यकर्ता हैं। विज ने कहा था कि वह अंबाला छावनी के मुद्दे पर तो कुछ बोल सकते हैं लेकिन प्रदेश के बारे में पार्टी के अन्य नेता ही बताएंगे।

गुरुवार को हरियाणा कांग्रेस ने फिर से इस मुद्दे में घी डालने का काम किया। हरियाणा के अधिकारिक ट्वीटर हैंडल से किए गए टवीट में अनिल विज के हैसियत वाले वीडियो को टैग करके लिखा कि विज साहब,छह बार के विधायक और पूर्व गृहमंत्री के नाते आपकी हैसियत बहुत बड़ी है। लेकिन अगर आपकी पार्टी कुछ ना समझे तो क्या कहें। हरियाणा की जनता कह रही है कि भाजपा में इतने कद्दावर नेता की ये दुर्गति है तो आम कार्यकर्ता की क्या पूछ होगी।