कांग्रेस सरकार लोकतंत्र का गला घोंट रही, निगम चुनाव हाईजैक करने की कोशिश: डॉ. राजीव बिंदल
- By Gaurav --
- Friday, 08 May, 2026
Congress Government Trying
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर लोकतंत्र को कमजोर करने और प्रशासनिक मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। शिमला से जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार निगम चुनावों को प्रभावित करने के लिए अधिकारियों और प्रशासनिक तंत्र पर दबाव बना रही है।
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि प्रदेशभर में चुनाव प्रक्रिया को अपने पक्ष में मोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोलन नगर निगम चुनाव में वार्ड नंबर-3 से भाजपा समर्थित उम्मीदवार का नामांकन रद्द किया जाना एक सुनियोजित राजनीतिक साजिश थी। हालांकि उन्होंने कहा कि इस मामले में हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट से भाजपा को राहत और न्याय मिला है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की पक्षपातपूर्ण कार्रवाई के कारण भाजपा उम्मीदवार और कार्यकर्ताओं को मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा और चुनाव अभियान भी प्रभावित हुआ।
कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की जनता सरकार की विफलताओं, भ्रष्टाचार, आर्थिक कुप्रबंधन और विकास विरोधी नीतियों से परेशान हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि जनता आगामी चुनावों में कांग्रेस सरकार को करारा जवाब देने का मन बना चुकी है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी और सरकार के हर अलोकतांत्रिक कदम को जनता के सामने लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में डटे हुए हैं और सत्ता के दबाव से जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।