हरियाणा मे ठंड का कहर: 7 जिलों में कोल्ड वेव का येलो अलर्ट, शिमला-जम्मू से भी ठंडा हिसार
- By Gaurav --
- Sunday, 07 Dec, 2025
Cold wave wreaks havoc in Haryana:
Cold wave wreaks havoc in Haryana: प्रदेश में शीत लहर के कारण ठंड बढ़ गई है। सोमवार को हिसार का न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। इसके साथ ही, सात जिलों के लिए मंगलवार को कोल्ड वेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत और नारनौल का न्यूनतम तापमान भी पांच डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में शीत हवाओं के कारण रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है।
जिन सात जिलों के लिए कोल्ड वेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है, उनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल और जींद शामिल हैं। यह शीत लहर 5 दिसंबर तक जारी रहने की संभावना है, जिससे ठंड में और वृद्धि होगी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर और उत्तर-पश्चिमी दिशा से ठंडी हवाएं राज्य में चलनी शुरू हो गई हैं। हल्की से मध्यम गति की इन हवाओं के कारण सुबह और शाम को कड़ाके की ठंड महसूस हो रही है। हालांकि, दिन के समय धूप खिलने से लोगों को थोड़ी राहत मिली।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है। राजस्थान से सटे हिसार का तापमान चूरू, शिमला और जम्मू से भी नीचे रहा। इसी तरह, करनाल, कुरुक्षेत्र, नारनौल और पानीपत का तापमान भी शिमला और जम्मू से कम दर्ज किया गया है। आने वाले दिनों में इन क्षेत्रों में तापमान और नीचे जाने की आशंका है।