चंडीगढ़ मेयर ने कहा- हमसे ज्यादा हमारा चपरासी ताकतवर; ऋषिकेश में चौंकाने वाला बयान, सौरभ जोशी बोले- हम तो बिना दांतों वाले शेर
Chandigarh Mayor Saurabh Joshi Statement About Mayor Power Less Than Peon
Chandigarh Mayor Saurabh Joshi: बीजेपी नेता और चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी खुद को अपने दफ्तर के चपरासी से भी कमजोर महसूस कर रहे हैं। मेयर ने खुद इस बारे में बयान देकर चौंका दिया है। ऋषिकेश में आयोजित अखिल भारतीय महापौर परिषद की 117वीं कार्यकारी समिति की बैठक में हिस्सा लेते हुए मेयर सौरभ जोशी ने यह बड़ा बयान दिया है। जिसकी खूब चर्चा हो रही है और लोगों के बीच से कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रहीं हैं।
मेयर ने कहा- हमसे ज्यादा हमारा चपरासी ताकतवर
दरअसल चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने खुद से ज्यादा अपने दफ्तर के चपरासी को ताकतवर बताया है और कहा है कि चपरासी वो काम करा सकता है जो मेयर नहीं करा सकता। इसके अलावा उन्होंने मेयर की तुलना बिना दांतों वाले शेर से की। जो कुछ भी कर पाने में असमर्थ होता है। मेयर ने कहा, ''जो हम चाहते हैं वो हमें नहीं मिलता, हमारे यहां के जो मुद्दे हैं, उन पर हम काम नहीं करवा पाते। हमारे ऊपर तो छोड़िए, हमसे ज्यादा तो हमारे ऑफिस का चपरासी अच्छा है जो काम करा सकता है, मेयर काम नहीं करा सकता। यही सच्चाई है।''
पूरा पावर दीजिये या पूरी तरह से पावरलेस कर दीजिए
सौरभ जोशी ने मेयर को पूरा पावर दिए जाने की मांग की है और कहा है कि अगर यह नहीं हो सकता तो फिर बची कुछ पावर भी मेयर से छीन ली जाये। दरअसल मेयर सौरभ जोशी ने कहा, ''या तो हमें पूरा पावर दीजिये या फिर पूरी तरह से पावरलेस कर दीजिये। हम तो वो शेर हैं, जिनके दांत ही नहीं हैं। हमसे अच्छे तो सर्कस वाले शेर हैं, जो काम तो आते हैं, हमसे तो कोई डरता तक नहीं।''
चंडीगढ़ मेयर के बयान से खड़े हुए सवाल
चंडीगढ़ मेयर के इस बड़े बयान को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर अगर चुने हुए मेयर के पास शहर के स्थानीय काम करवाने के काफ़ी अधिकार ही न हों, तो शहरी स्थानीय शासन असल में कितना असरदार हो सकता है? वहीं लोगों का कहना है, ''अगर चंडीगढ़ जैसे विकसित शहर का मेयर खुद को चपरासी से कमजोर महसूस करता है, तो देश के बाकी नगर निगमों की स्थिति की कल्पना आसानी से की जा सकती है।'' एक अन्य ने कहा, ''सौरभ जोशी बिल्कुल सही कह रहे हैं। मेयर का पद सेरीमोनियल पद बना दिया गया है। कायदे से मेयर पद को अधिकार भी दिए जायें और उनकी जवाबदेही भी तय की जाए।''
महापौरों की बैठक में CM धामी हुए शामिल
बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी ऋषिकेश में अखिल भारतीय महापौर परिषद (All India Mayors Council) की 117वीं कार्यकारी समिति की बैठक में भाग लिया। उन्होंने ही 3 जून को दो दिवसीय इस सम्मेलन का उद्धाटन किया था। महापौरों की इस बैठक में देशभर के कई शहरों के महापौर ऋषिकेश में एकसाथ जुटे हैं। महापौरों का यह सम्मलेन शहरी विकास पर मंथन, स्मार्ट सिटी, स्वच्छता, वित्तीय चुनौतियों पर चर्चा पर आधारित है।