यूपी के इस जिले को CM योगी का तोफा, ग्रामीण सड़कों के निर्माण को 4.35 करोड़ मंजूर
CM Yogi's gift to this district of UP, Rs 4.35 crore approved
बांदा। तिंदवारी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचल में वर्षों से जर्जर पड़े तीन प्रमुख संपर्क मार्गों का अब कायाकल्प होने जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 5.550 किलोमीटर लंबाई की इन सड़कों का निर्माण करीब 4.35 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग द्वारा निविदा प्रकाशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है तथा प्रारंभिक धनराशि भी जारी कर दी गई है। इन सड़कों के बनने से हजारों ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
950 मीटर सड़क पर 79.57 लाख खर्च
बगीचा डेरा से खप्टिहाकला अलोना संपर्क मार्ग का निर्माण 950 मीटर लंबाई में 79.57 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित है। इसके लिए 3.73 लाख रुपये की धनराशि आवंटित की जा चुकी है।
यह मार्ग लंबे समय से कच्चा और उबड़-खाबड़ था, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाई होती थी। बरसात के समय कीचड़ और जलभराव से स्थिति और बिगड़ जाती थी। सड़क बनने के बाद आसपास के ग्रामीणों को राहत मिलेगी और छोटे वाहनों की आवाजाही सुगम हो सकेगी।
1.600 किमी मार्ग पर 1.30 करोड़ की स्वीकृति
पलरा नरी संपर्क मार्ग से वंशी डेरा तक 1.600 किलोमीटर सड़क 1.30 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी। इसके सापेक्ष 6.14 लाख रुपये जारी किए गए हैं। यह मार्ग कई गांवों को मुख्य सड़क से जोड़ता है।
वर्तमान में खराब हालत के कारण किसानों को फसल बाजार तक ले जाने और विद्यार्थियों को विद्यालय पहुंचने में दिक्कत होती है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्रीय आवागमन में तेजी आएगी।
अमारा-मरोहला डेरा मार्ग पर 2.09 करोड़ व्यय
अमारा से मरोहला डेरा तक 3 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण 2.09 करोड़ रुपये से किया जाएगा। इसके लिए 10.49 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। यह मार्ग ग्रामीण अंचल के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।
पक्की सड़क बनने से एंबुलेंस और अन्य आपात सेवाओं की पहुंच आसान होगी। साथ ही व्यापारिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
ग्रामीणों का कहना है कि इन मार्गों के निर्माण से क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा। सड़क बनने से समय और धन दोनों की बचत होगी तथा विकास की गति को बल मिलेगा।
बगैचा डेरा से खप्टिहाकला अलोना संपर्क मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे हो गए थे, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी। मार्ग निर्माण को लेकर पत्र लिखकर अनुरोध किया गया था, जो अब साकार होता दिख रहा है।
-विनोद निषाद, ग्राम प्रधान साड़ी
टेंडर प्रक्रिया के लिए निविदा प्रकाशन भेज दिया गया है। निर्धारित समय में प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य को गुणवत्ता के साथ कराया जाएगा।
-रूपेश सोनकर, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, द्वितीय
ये तीनों मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इनके निर्माण से आसपास के गांवों को सुरक्षित और बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। कार्य समयबद्ध तरीके से प्रारंभ कराया जाएगा।
-महेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग