बलरामपुर: सीएम योगी ने देवीपाटन में किए दर्शन और निरीक्षण

बलरामपुर: सीएम योगी ने देवीपाटन में किए दर्शन और निरीक्षण

CM Yogi visited and inspected Devipatan

CM Yogi visited and inspected Devipatan

बलरामपुर। मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय एवं स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय का निरीक्षण करने आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुलसीपुर शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में गुरुवार सुबह देवी के चरण पखारे। बुधवार की शाम मंदिर पहुंचे सीएम ने रात विश्राम के बाद गुरुवार सुबह गर्भगृह में मां पाटेश्वरी की विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। देवी पूजन के बाद शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर के पीठाधीश्वर महंत मिथिलेश नाथ योगी के साथ मंदिर परिसर का भ्रमण किया।

मुख्यमंत्री मंदिर परिसर स्थित गोशाला में पहुंचे। वहां गायों को गुड़, दाना व चारा खिलाकर गोसेवा की। गोसेवा के दौरान गायों का हालचाल भी पूछा। थारू जनजाति छात्रावास में बच्चों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी। महंत मिथलेश नाथ याेगी से चैत्र नवरात्र में होने वाले राजकीय मेला की तैयारियों की जानकारी ली। इसके बाद शक्तिपीठ देवीपाटन से प्रस्थान किया।
मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय एवं स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय का निरीक्षण करने आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर से संचालित छात्रावास में छात्र-छात्राओं से मुलाकात की। सीएम ने छात्रावास में बच्चों की संख्या बढ़ाने की बात कही। इसके बाद मुख्यमंत्री भवानीपुर हेलीपैड पहुंचकर हेलीकाप्टर से उड़ान भरी।

भाजपा नेताओं से की भेंट
मुख्यमंत्री बुधवार की शाम करीब छह बजे शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर पहुंचे थे। मां पाटेश्वरी के दर्शन के बाद जिलाध्यक्ष रवि मिश्र, सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी व नगर पालिका चेयरमैन डा. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीर आदि से मुलाकात की। सीएम ने जनप्रतिनिधियों से योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक भी लिया।
छावनी बना रहा तुलसीपुर
सीएम करीब 16 घंटे शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में रहे। इस दौरान तुलसीपुर छावनी में तब्दील नजर आया। अतिविशिष्ट मां पाटेश्वरी पब्लिक स्कूल भवानीपुर स्थित हेलीपैड से देवीपाटन मंदिर तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान मुस्तैद रहे। इस दौरान मंदिर परिसर में आमजन का आवागमन भी सामान्य रहा।