CM योगी आज शामली, बिजनौर और गाजियाबाद को देंगे ₹2,500 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात
- By Gaurav --
- Friday, 17 Jul, 2026
CM Yogi to Launch ₹2,500 Crore
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को शामली, बिजनौर और गाजियाबाद का दौरा करेंगे। इस दौरान वह करीब 2,500 करोड़ रुपये की लागत वाली विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित भी करेंगे।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री शामली, कैराना, थानाभवन, बिजनौर, चांदपुर, मुरादनगर और मोदीनगर विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। दौरे की शुरुआत शामली से होगी, जहां 581 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 89 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इनमें कैराना में राज्य कर विभाग का कार्यालय, कंडेला में पशु चिकित्सालय और थानाभवन में राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।
इसके बाद मुख्यमंत्री बिजनौर पहुंचेंगे, जहां बिजनौर और चांदपुर विधानसभा क्षेत्रों की 1,003 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 76 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान वह महात्मा विदुर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, राजकीय नर्सिंग कॉलेज एवं छात्रावास तथा रामबाग रोड स्थित कल्याण मंडपम का उद्घाटन करेंगे। साथ ही विदुर कुटी के समेकित पर्यटन विकास सहित कई नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे।
शाम को मुख्यमंत्री गाजियाबाद पहुंचेंगे, जहां मुरादनगर और मोदीनगर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 868 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 90 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वह मुरादनगर स्थित तेजपाल त्यागी-कुशपाल त्यागी मेमोरियल डिग्री कॉलेज में पूर्व मंत्री राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री 47वीं वाहिनी पीएसी में नई बैरकों, विभिन्न पेयजल योजनाओं और अन्य विकास कार्यों का उद्घाटन करेंगे। वहीं थाना बापूधाम के प्रशासनिक भवन, पुलिस लाइन में ट्रांजिट हॉस्टल तथा अन्य परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा भी करेंगे। वह शासन, प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेंगे।