CM Yogi: Sports Are the

'खेलोगे तो खिलोगे': CM योगी बोले- खेल से बनेगा नशामुक्त और अनुशासित समाज

Capture cm yogi on vipaksh vaar

CM Yogi: Sports Are the

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ, अनुशासित और नशामुक्त समाज की मजबूत नींव हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 65वीं राष्ट्रीय अंतरराज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की पुरुष टीम ने 20 पदक जीतकर पहली बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं, जापान में आयोजित पुरुष अंडर-18 हॉकी एशिया कप में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम में उत्तर प्रदेश के पांच खिलाड़ियों ने अहम भूमिका निभाई।

उन्होंने प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों दीप्ति शर्मा, प्रवीण कुमार, अन्नू रानी, सिमरन शर्मा और वंतिका अग्रवाल का उल्लेख करते हुए कहा कि ये प्रतिभाशाली खिलाड़ी उत्तर प्रदेश की नई पहचान बन रहे हैं।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार खिलाड़ियों के कौशल विकास, आधुनिक प्रशिक्षण और खेल सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने के साथ-साथ उन्हें सरकारी नौकरियां भी दी जा रही हैं।

खेल अवसंरचना के विस्तार का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान, प्रत्येक ब्लॉक में मिनी स्टेडियम और हर जिले में आधुनिक स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय लगभग तैयार है, जबकि प्रत्येक मंडल में स्पोर्ट्स कॉलेज और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से बच्चों और युवाओं को खेलों के लिए प्रेरित करने की अपील करते हुए कहा कि खेल उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने 'खेलोगे तो खिलोगे' का संदेश दोहराते हुए कहा कि खेलों को जीवनशैली का हिस्सा बनाना विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।